हिमाचल प्रदेश स्कूल शिक्षा बोर्ड ने परीक्षा केंद्रों में पारदर्शिता और सुरक्षा व्यवस्था मजबूत करने के लिए बड़ा फैसला लिया है। अब प्रदेश के सभी स्कूलों में प्रत्येक प्रवेश और निकास द्वार पर सीसीटीवी कैमरे लगाना अनिवार्य होगा। कैमरों में वीडियो के साथ आवाज रिकॉर्डिंग की सुविधा भी होनी चाहिए। इसकी फुटेज कम से कम छह माह तक सुरक्षित रखनी होगी। इस संदर्भ स्कूल शिक्षा बोर्ड ने अधिसूचना भी जारी कर दी है। अधिसूचना के अनुसार यह निर्णय हाल ही में बोर्ड परीक्षाओं के दौरान सामने आई अनियमितताओं और नकल संबंधी शिकायतों के बाद लिया गया है। बोर्ड ने स्पष्ट किया है कि परीक्षा केंद्रों में निगरानी व्यवस्था को और अधिक प्रभावी बनाने के उद्देश्य से यह कदम उठाया गया है।