मंगलवार को हिमाचल प्रदेश स्कूल शिक्षा बोर्ड के अध्यक्ष डॉ. सुरेश कुमार सोनी की अध्यक्षता में बैठक हुई। बैठक में 12वीं की परीक्षा पर भी चर्चा की गई। दसवीं के प्रमोट हुए विद्यार्थियों को किस तरह अंक दिए जाएंगे। इस पर भी विचार किया गया।
सीबीएसई की ओर से मंगलवार को 12वीं कक्षा की परीक्षाओं को रद्द करने के बाद अब हिमाचल प्रदेश सरकार ने भी राज्य स्कूल शिक्षा बोर्ड की परीक्षाओं को लेकर मंथन शुरू कर दिया है। पांच जून की कैबिनेट बैठक में इस मसले को लेकर प्रस्ताव रखा जाएगा जिस पर सरकार फैसला लेगी। राज्य सरकार ने बीते दिनों ही स्पष्ट कर दिया था कि सीबीएसई का फैसला आने के बाद राज्य शिक्षा बोर्ड की परीक्षाओं को लेकर आगामी निर्णय लिया जाएगा।
विज्ञापन
शिक्षा विभाग के अधिकारियों ने बताया कि पांच जून को प्रस्तावित राज्य मंत्रिमंडल की बैठक में इस संदर्भ में प्रस्ताव लेकर जाएंगे। बता दें कि इससे पहले सीबीएसई की ओर से 10 के विद्यार्थियों को प्रमोट करने के बाद प्रदेश स्कूल शिक्षा बोर्ड के छात्र भी सरकार ने अगली कक्षा में प्रमोट कर दिए थे। उधर, शिक्षा बोर्ड के अध्यक्ष डॉ. सुरेश कुमार सोनी का कहना है कि हिमाचल में 12वीं कक्षा की परीक्षाएं करवाने या न करवाने पर प्रदेश सरकार फैसला लेगी।
इससे पहले मंगलवार को बोर्ड ने अध्यक्ष डा. सुरेश कुमार सोनी की अध्यक्षता में बैठक की थी। बैठक में 12वीं की परीक्षा पर भी चर्चा की गई। साथ ही 10वीं के प्रमोट हुए विद्यार्थियों को किस तरह अंक दिए जाएंगे, के ऊपर भी चर्चा की गई। डॉ. सुरेश कुमार सोनी ने बताया था कि दोनों कक्षाओं को लेकर खाका तैयार कर दिया है।
विज्ञापन
बोर्ड की ओर से तैयार इस खाके की अधिसूचना बुधवार को जारी की जाएगी। इससे दसवीं के विद्यार्थियों को प्रमोट करने और 12वीं की परीक्षाओं को लेकर चल रही अटकलों पर स्थिति पूरी तरह से स्पष्ट हो जाएगी। बहरहाल अब सीबीएसई बोर्ड की ओर से 12वीं की परीक्षा रद्द किए जाने की सूचना के बाद अब बोर्ड को भी 12वीं की परीक्षाओं को लेकर फिर से मंथन करना होगा।