हिमाचल प्रदेश स्कूल शिक्षा बोर्ड की आठ और नौ सितंबर को होने वाली टेट (अध्यापक पात्रता परीक्षा) के दौरान परीक्षा केंद्र में किसी अभ्यर्थी से इलेक्ट्रॉनिक गैजेट पाए जाने पर केंद्र अधीक्षक भी जिम्मेवार होगा।
परीक्षा केंद्र में इलेक्ट्रॉनिक गैजेट पाए जाने पर अभ्यर्थी के खिलाफ नियमानुसार कार्रवाई की जाएगी। केंद्र अधीक्षक पर भी कार्रवाई की होगी। टेट में इलेक्ट्रॉनिक गैजेट पर पूरी तरह से पाबंदी रहेगी। आठ और नौ सितंबर को स्कूल शिक्षा बोर्ड दो सत्रों में टेट का संचालन करेगा।
इसमें आठ सितंबर को टीजीटी आर्ट्स की परीक्षा सुबह दस से साढ़े 12 बजे तक होगी। मेडिकल की परीक्षा सायं दो से साढ़े चार बजे तक संचालित की जाएगी। नौ सितंबर को पंजाबी की परीक्षा सुबह और उर्दू की परीक्षा सायंकालीन सत्र में होगी।
दो दिन दो सत्रों में होने वाली चार विषयों के टेट में 43 हजार से अधिक अभ्यर्थी बैठेंगे। इसमें सर्वाधिक 36707 आवेदक टीजीटी आर्ट्स के होंगे, जबकि टीजीटी मेडिकल के 6384, पंजाबी के 463 और उर्दू के 100 आवेदक हैं।
उधर, स्कूल शिक्षा बोर्ड सचिव डॉ. हरीश गज्जू ने बताया कि आठ और नौ सितंबर को होने बाली अध्यापक पात्रता परीक्षा के लिए सभी तैयारियां पूरी कर ली गई हैं। परीक्षा केंद्र के अंदर इलेक्ट्रॉनिक गैजेट पर पूर्ण रूप से प्रतिबंध रहेगा।