हिमाचल प्रदेश स्कूल शिक्षा बोर्ड के एसओएस (राज्य मुक्त विद्यालय) की सितंबर-2017 में हुई मैट्रिक परीक्षा का परिणाम मंगलवार को घोषित कर दिया है। एसओएस मैट्रिक का 52.41 फीसदी परिणाम रहा है। परीक्षा में 13,842 परीक्षार्थी बैठे थे। इसमें 7,254 परीक्षार्थी पास हुए, जबकि 5401 परीक्षार्थियों का परिणाम री-अपीयर रहा है।
सितंबर में हुई परीक्षा की उत्तर पुस्तिका पुनर्मूल्यांकन और पुनर्निरीक्षण करवाने के लिए 15 नवंबर तक ऑनलाइन आवेदन किया जा सकता है। पुनर्मूल्यांकन के लिए 400 रुपये और पुनर्निरीक्षण के लिए 300 रुपये फीस निर्धारित की गई है।
इसके अलावा मार्च 2018 में होने वाली परीक्षा के लिए 30 नवंबर तक बिना विलंब शुल्क, जबकि 250 रुपये विलंब शुल्क के साथ 15 दिसंबर, 500 रुपये विलंब शुल्क के साथ 30 दिसंबर तक आवेदन किया जा सकता है।
जिन परीक्षार्थियों की पांच साल की समयावधि पूरी हो चुकी है, ऐसे परीक्षार्थियों को मार्च 2018 में होने वाली एसओएस की परीक्षा के लिए अपने अध्ययन केंद्रों के माध्यम से दोबारा ऑनलाइन पंजीकरण करवाना होगा।
उधर, स्कूल शिक्षा बोर्ड सचिव अश्वनी राज शाह ने बताया कि सितंबर में हुई एसओएस की परीक्षा का परिणाम घोषित कर दिया है। परीक्षार्थियों के लिए बोर्ड की वेबसाइट www.hpbose.org पर परिणाम उपलब्ध करवा दिया गया है।