हिमाचल प्रदेश के भारतीय वन सेवा (आईएफएस) के तीन अफसर डेपुटेशन जा रहे हैं। इसमें से दो अफसरों की देहरादून और एक की चंडीगढ़ में तैनाती की जाएगी। इस सिलसिले में केंद्रीय वन एवं पर्यावरण मंत्रालय की ओर से मंजूरी दे दी गई है। तीनों ही अफसर प्रदेश से जल्द ही रिलीव हो जाएंगे।
भारतीय वन सेवा 1982 बैच के अफसर और अतिरिक्त प्रधान मुख्य अरण्यपाल हर्ष मित्तर को वन एवं पर्यावरण मंत्रालय के चंडीगढ़ स्थित क्षेत्रीय कार्यालय का कार्य संभालेंगे। इसके अलावा 1984 बैच की अफसर डॉ. सविता को देहरादून स्थित भारतीय वानिकी एवं अनुसंधान शिक्षा परिषद में उप महानिदेशक पद पर भेजा जा रहा है।
उनके पति और 1984 बैच के ही आईएफएस और अतिरिक्त प्रधान मुख्य अरण्यपाल अजय कुमार शर्मा को वन एवं पर्यावरण मंत्रालय के देहरादून स्थित क्षेत्रीय कार्यालय में तैनाती दी गई है।
वे हिमाचल प्रदेश और उत्तराखंड की वन भूमि हस्तांतरण के मामलों का निस्तारण करेंगे। पिछले साल ही मंत्रालय की ओर से देहरादून में क्षेत्रीय कार्यालय खोला गया था, जिसके तहत उत्तराखंड और हिमाचल को इस कार्यालय के दायरे में लाया गया था। इसके तहत पांच हेक्टेयर तक की वन भूमि के मामले निस्तारित किए जा रहे हैं।