नकरोड़-तीसा मार्ग पर पंगोला नाला में बादल फटने से जलस्तर बढ़ गया। इससे नकरोड़-थल्ली मार्ग को नुकसान पहुंचा है। गनीमत यह रही कि इस घटना में जानमाल को कोई नुकसान नहीं हुआ है। प्रशासन ने सूचना मिलने के बाद मौके पर राजस्व विभाग की टीम को भेजकर नुकसान का आकलन करने के आदेश जारी कर दिए हैं। वहीं, दूसरी तरफ नकरोड़-थल्ली मार्ग को बहाल करने के भी प्रयास लोक निर्माण विभाग ने शुरू कर दिए हैं। इसके अलावा नाले में बढ़े जलस्तर के कारण मनरेगा के तहत हुए प्रोटेक्शन और अन्य कार्यों को नुकसान पहुंचा है। साथ ही किसानों के खेतों में मक्की की फसल भी तबाह हो गई। विभागीय नुकसान रिपोर्ट के बाद ही अब उचित मुआवजा प्रभावितों को मिलेगा। जानकारी के मुताबिक सुबह करीब पांच बजे अचानक पंगोला नाला के समीप बादल फट गया। इस कारण नाले का जलस्तर बढ़ गया। पिछले तीन दिन में उपमंडल चुराह में दूसरी बार बादल फटने की घटना सामने आई है।
स्कूल नहीं जा पाए बच्चे
सुबह बादल फटने के कारण ग्राम पंचायत गडफरी और थल्ली के बच्चे स्कूल नहीं जा पाए। थल्ली मार्ग को हुए नुकसान के कारण आवाजाही ठप रही। दोनों पंचायतों के छठी से बारहवीं कक्षा तक के विद्यार्थी उच्च शिक्षा के लिए सीनियर सेकेंडरी स्कूल गडफरी का रुख करते हैं। अब मार्ग बहाल होने पर ही विद्यार्थी स्कूल जा पाएंगे।