हिमाचल प्रदेश विधानसभा में सदन की कार्यवाही शुरू हो गई है। आज सदन का आखिरी दिन है। ऐसे में कई बड़े प्रस्तावों पर चर्चा होनी है। वहीं, विधानसभा अध्यक्ष बीबीएल बुटेल की हालत भी अब पहले से बेहतर बताई जा रही है।
विज्ञापन
उन्हें बुधवार शाम को ही आईजीएमसी अस्पताल से छुट्टी दे दी गई थी। उनके सारे टेस्ट सही निकले थे। विधानसभा में उनकी अपील के बाद ही विपक्ष प्रश्नकाल में भाग लेने को तैयार हुआ है। गौरतलब है कि बुधवार को स्पीकर बृज बिहारी लाल बुटेल चलते सदन में ही रो पड़े थे। उनके गले से आवाज नहीं निकल रही थी। वे 13 मिनट तक अपनी सीट पर ही खड़े रहे। सीएम वीरभद्र सिंह इस घटनाक्रम के दौरान सदन में नहीं थे।
बुटेल विधानसभा शुरू होने से पहले सीएम वीरभद्र सिंह से मिलने के बाद से ही सुस्त दिख रहे थे। सीएम कार्यालय से बाहर निकलते ही बुटेल कुछ सुस्त नजर आए। वे सीढ़ियां चढ़कर ऊपर अपने कार्यालय में पहुंचे तो यहां उनसे भाजपा विधायक मिलने आए। स्पीकर ने उनसे सदन की कार्यवाही चलने देने की अपील की। 11 बजते ही स्पीकर बुटेल सदन के भीतर आए।
विज्ञापन
Trending Videos
सदन में पहुंचते ही स्पीकर की आंखों से निकले थे आंसू
स्पीकर बृज बिहारी लाल बुटेल
- फोटो : फाइल फोटो
रोज की तरह सुरक्षा अधिकारी ने ‘माननीय सदस्य! माननीय अध्यक्ष महोदय!’ ऐलान किया तो भीतर सभी सदस्य अपनी सीटों पर खडे़ हो गए। बुटेल के सीट पर हल्का सा बैठते ही सभी सदस्य बैठ गए। एकाएक स्पीकर बुटेल अपनी सीट पर खडे़ हो गए। इसके बाद वे कुछ कहने का प्रयास करते रहे, मगर कह नहीं पाए।
बुटेल कहते जा रहे थे - ‘कल यहां पर एक सर्वदलीय बैठक थी...सदन में दो दिन ही रहते हैं...ये...।’ ऐसा कुछ कहते-कहते वे चुप हो गए। उनकी आंखें भर आईं और वे चश्मे के नीचे से आंसू पोंछते रहे। वे लगभग सात मिनट तक यही बातें दोहराते रहे।
इसी बीच दोनों ओर के विधायकों ने उनसे बैठ जाने का आग्रह किया। विधायक कहते रहे - ‘माननीय अध्यक्ष महोदय आप बैठ जाइये! आप बैठ जाइये!’ पर भी स्पीकर नहीं बैठे। विधानसभा सचिव सुंदर सिंह वर्मा स्पीकर के पास जाकर बार-बार उन्हें प्रश्नकाल शुरू करने का अनुरोध करते रहे।
आगे स्पीकर ने कहा - प्रश्नकाल आरंभ! पहले सवाल के लिए जोगेंद्रनगर के भाजपा विधायक गुलाब सिंह ठाकुर अपनी सीट पर खडे़ हुए और वे बोले - हमें इस बात का दुख हो रहा था। हम आपकी बात समझ रहे हैं। सत्ता पक्ष का ये दायित्व बनता है कि ये किस प्रकार से भूमिका निभाते हैं। अभी हम इनसे मिले हैं। ये बातें ध्यान देने योग्य हैं। हम प्रश्नकाल में अपने सवाल पूछेंगे।
सदन से सीधे आईजीएमसी पहुंचे स्पीकर
आईजीएमसी
इसके तुरंत बाद स्वास्थ्य मंत्री कौल सिंह ठाकुर अपनी सीट पर खडे़ हो गए। वे बोले - अध्यक्ष महोदय! आप बहुत भावुक हो गए हैं। आप रेस्ट कीजिए। फिर कौल सिंह ठाकुर ने डिप्टी स्पीकर जगत सिंह नेगी की ओर कहा - डिप्टी स्पीकर महोदय! आप उठिये। आप चेयर पर बैठिये।
डिप्टी स्पीकर चेयर की ओर गए तो उनके पहुंचने के बाद बुटेल ने फिर हाउस को संबोधित कर कहा - ‘आपसे निवेदन करूंगा...माननीय सदस्य! दो दिन रह गए हैं। सदन में अच्छे से करें।’ 11 बजकर 13 मिनट पर विधानसभा सचिव स्पीकर बुटेल को भीतर उनके कक्ष की ओर ले गए।
इसी के बाद सदन की कार्यवाही आगे बढ़ी। बाहर डाक्टर ने स्पीकर बुटेल का रक्तचाप देखा तो इसे सामान्य से अधिक पाया। फिर उन्हें आईजीएमसी शिमला ले गए। डलहौजी की विधायक आशा कुमारी भी उनके साथ गई।
डाक्टरों ने ईसीजी, ईको, सीटी स्कैन, ईईजी और एमआरआई सहित कई टेस्ट किए। सभी टेस्ट सही निकले।
हिमाचल विधानसभा अध्यक्ष बीबीएल बुटेल को करीब साढे़ 11 बजे उन्हें स्वास्थ्य जांच के लिए आईजीएमसी अस्पताल पहुंचाया गया। उन्हें सिर दर्द और घबराहट महसूस हो रही थी। डाक्टरों ने ईसीजी, ईको, सीटी स्कैन, ईईजी और एमआरआई सहित कई टेस्ट किए। सभी टेस्ट सही निकले।
इनका ब्लड प्रेशर बढ़ा हुआ था। टेस्ट होने के बाद इन्हें डाक्टरों की निगरानी में रखा गया। शाम करीब चार बजे उन्हें अस्पताल से छुट्टी दे दी गई। बुटेल ने अस्पताल छोड़ने से पहले कहा कि अब वे तंदुरुस्त महसूस कर रहे हैं और वीरवार को विधानसभा सत्र में शामिल होंगे।
आईजीएमसी शिमला के वरिष्ठ चिकित्सा अधीक्षक डा. रमेश ने कहा कि सभी टेस्ट ठीक निकले हैं। उनका ब्लड प्रेशर कुछ बढ़ा हुआ था। कुछ घंटे डाक्टरों की निगरानी में उन्हें रखा गया और शाम चार बजे छुट्टी दे दी गई।