कोविड-19 महामारी को देखते हुए विधानसभा के मानसून सत्र में इस बार अधिकारियों और कर्मचारियों को पहले की तरह पास जारी नहीं किए जाएंगे। विधानसभा सचिव यशपाल शर्मा ने बताया कि सभी प्रशासनिक सचिवों को अत्यावश्यक स्टाफ की जानकारी उपलब्ध कराने के लिए कहा है।
स्पष्ट किया गया है कि जिस दिन जिस विभाग का सत्र में बिजनेस लगा है, सिर्फ उसी विभाग के अधिकारी और कर्मचारी विधानसभा में आएंगे। विभाग से सिर्फ एक अधिकारी और एक सहायक को ही प्रवेश पत्र जारी किया जाएगा। विधानसभा सत्र के दौरान विधायकों और मंत्रियों को भी न्यूनतम स्टाफ लाने के लिए कहा गया है।
विधायकों से यह भी कहा गया है कि वे अपने वाहन से परिसर के अंदर उतरने के बाद वाहन चालक व सुरक्षा कर्मी को परिसर के बाहर ही खड़ा होने के लिए कहें। यही नहीं, इस बार सदन के अंदर हर विधायक के बीच में उचित दूरी के निर्देश का पालन करने के उद्देश्य से पॉलीकार्बोनेट शीट लगाई जाएंगी ताकि अगल-बगल बैठे विधायकों में आपस में किसी तरह का संपर्क न हो सके।