ताजा बर्फबारी के बाद वीकेंड पर हिमाचल में पर्यटन कारोबार में तेजी आने की उम्मीद है। बुधवार रात से गुरुवार रात तक कुल्लू-मनाली, चंबा-खजियार, कुफरी-नारकंडा सहित ऊंचाई वाले क्षेत्रों में हुई बर्फबारी से पर्यटन कारोबारियों के चेहरे खिल उठे हैं। बीते कुछ हफ्तों से पर्यटन स्थलों पर सैलानियों की संख्या कम होनी शुरू हो गई थी लेकिन बर्फबारी के बाद एक बार फिर सैलानी हिमाचल के पर्यटन स्थलों का रुख करेंगे। वीरवार से ही शिमला और मनाली में पर्यटकों की संख्या बढ़नी शुरू हो गई है। बर्फबारी के बाद पर्यटन कारोबारी खासे उत्साहित हैं। ऑल हिमाचल कॉमर्शियल व्हीकल ज्वाइंट एक्शन कमेटी के चेयरमैन राजेंद्र ठाकुर ने बताया कि बर्फबारी के बाद प्रदेश के पर्यटन स्थलों पर पर्यटकों की संख्या में भारी इजाफा होने की उम्मीद है।