महिलाओं को 1500 रुपये देने पर घमासान
ऊना। उपमुख्यमंत्री मुकेश अग्निहोत्री ने कहा कि महिलाओं को 1500 रुपये देना कांग्रेस की प्राथमिकता है। लाहौल-स्पीति में महिलाओं को 1500 रुपये मिलना शुरू हो गए हैं, शेष हिमाचल में फॉर्म भरे जा रहे हैं। चुनाव संपन्न होते ही सरकार महिलाओं के खाते में 1500 रुपये डालेगी। कुटलैहड़ के नारी में जनसंपर्क अभियान के दौरान उपमुख्यमंत्री ने यह बात कही। कहा कि भाजपा पूछ रही थी कि 1500 रुपये कब मिलेंगे। अब जब मिल रहे हैं तो चुनाव आयोग के पास शिकायत लेकर गई है कि यह पैसे महिलाओं को नहीं मिलने चाहिए। भाजपा के नेता बताएं कि महिलाओं के विरोध में चुनाव आयोग के पास क्यों गए। हमने चुनाव आयोग के समक्ष अपना पक्ष रखा और अब फॉर्म भरे जा रहे हैं। उन्होंने कहा कि विस उपचुनाव छह लोगों द्वारा अपने स्वार्थ के लिए थोपा गया चुनाव है। ऐसे लोग जिन्होंने जनता पर 14 महीने में चुनाव थोपा है, उन्हें सबक सिखाएं। यह जो पहली बार विधायक बने वह उठक-पठक में जनता के साथ धोखा देकर चले गए। वहीं, मुकेश ने कहा कि युवाओं को रोजगार देना हमारी प्राथमिकता है।
महिलाओं से फार्म भरवाकर किस कबाड़ी को बेचे ः बिंदल
। प्रदेश भाजपा अध्यक्ष डॉ. राजीव बिंदल ने पूछा कि 2022 में जो महिलाओं को 1500 देने के जो फॉर्म भरवाए थे, वह कौन से कबाड़ी को बेचे।
कहा कि भगवान श्रीराम व रामसेतु के अस्तित्व पर सवाल उठाने वाली कांग्रेस अपने अस्तित्व के लिए लड़ रही है। अयोध्या में 500 साल बाद प्रधानमंत्री मोदी ने रामलला को टेंट से भव्य मंदिर में पहुंचाया। देश की अर्थव्यवस्था आज 5वें पायदान पर पहुंच गई हैप्रदेश भाजपा अध्यक्ष ने पांवटा साहिब में मंडल पन्ना प्रमुख सम्मेलन में यह बात कही। बिंदल ने कहा कि करतारपुर कॉरिडोर 70 साल से कांग्रेस ने रोककर रखा। अब मोदी ने इस कॉरिडोर का निर्माण करवाया है। कहा कि प्रदेश सरकार के पास डेढ़ वर्ष के कार्यकाल में कोई विकास बताने को है नहीं। इसलिए मुख्यमंत्री व कांग्रेस नेता भाजपा को गाली देकर ही वोट मांग रहे हैं। भाजपा प्रत्याशी सुरेश कश्यप, विधायक सुखराम चौधरी, पूर्व सांसद वीरेंद्र कश्यप, जिला अध्यक्ष विनय कुमार, पूर्व विधायक बलदेव तोमर मौजूद रहे।