इस प्रशिक्षण में कानून, पुलिसिंग कौशल, शारीरिक क्षमता और व्यावहारिक अनुभव पर विशेष जोर दिया जाएगा। प्रशिक्षण के दौरान भारतीय दंड संहिता, आपराधिक प्रक्रिया संहिता (सीआरपीसी) सहित अन्य कानूनों की जानकारी दी जाएगी। इसके साथ ही गश्त, जांच, तलाशी, गिरफ्तारी और अपराध स्थल प्रबंधन जैसे पुलिसिंग कौशल सिखाए जाएंगे। शारीरिक प्रशिक्षण में दौड़, ऊंची कूद, लंबी कूद सहित विभिन्न फिटनेस गतिविधियां शामिल होंगी, जबकि हथियार प्रशिक्षण के तहत विभिन्न हथियारों के सुरक्षित संचालन और रखरखाव का अभ्यास कराया जाएगा।
फील्ड ट्रेनिंग के दौरान अभ्यर्थियों को ऑन-ड्यूटी अनुभव मिलेगा, जिससे वे जमीनी स्तर पर काम करने के लिए तैयार हो सकें। आदेशों के अनुसार प्रशिक्षण के दौरान अभ्यर्थियों को ड्रेस कोड का सख्ती से पालन करना होगा। उन्हें दो सेट फॉर्मल कपड़े नीला ब्लेजर, ग्रे ट्राउजर, सफेद शर्ट और काले चमड़े के जूते साथ लाने होंगे। जींस और टी-शर्ट पहनने पर पूरी तरह पाबंदी रहेगी। इसके अलावा दैनिक उपयोग का आवश्यक सामान भी साथ लाने के निर्देश दिए गए हैं।
रोजगार संकल्प मेले में मुख्यमंत्री देंगे नियुक्तिपत्र
प्रशिक्षण पूर्ण होने के बाद 369 महिला और 676 पुरुष कांस्टेबलों को नियुक्ति पत्र जारी किए जाएंगे। ये नियुक्ति पत्र हिमाचल प्रदेश पुलिस रोजगार संकल्प मेला के दौरान मुख्यमंत्री द्वारा वितरित किए जाने प्रस्तावित हैं। इस अवसर पर चयनित अभ्यर्थियों के दो से तीन पारिवारिक सदस्यों की उपस्थिति भी अनिवार्य रहेगी। आदेश को अत्यंत महत्वपूर्ण बताते हुए सभी जिला पुलिस अधीक्षकों को समय पर अभ्यर्थियों को सूचित करने के निर्देश दिए गए हैं।