पुलिस मुख्यालय के प्रस्ताव पर सरकार 1091 महिला हेल्पलाइन को ही गुड़िया हेल्पलाइन बना रही है। इस हेल्पलाइन के लिए न तो कोई नया ढांचा तैयार किया गया है और न ही उसमें ज्यादा बदलाव किए गए हैं।
अंतर सिर्फ इतना है कि पहले 1091 पर फोन करने पर नमस्कार महिला हेल्पलाइन की आवाज सुनाई देती थी और अब नमस्कार गुड़िया हेल्पलाइन की आवाज सुनाई देगी।
पुलिस मुख्यालय के प्रस्ताव पर अगर सरकार हरी झंडी दिखाकर मुख्यमंत्री से एलान कराती है तो इसका कितना फायदा महिलाओं को मिलेगा, यह देखने लायक होगा।
1064 होगा अटल हेल्पलाइन
1091 महिला हेल्पलाइन के अलावा सरकार विजिलेंस के हेल्पलाइन नंबर 1064 का भी नाम बदलने की तैयारी में है। सूत्रों की मानें तो इस नंबर को भी भाजपा की भ्रष्टाचार के खिलाफ की गई घोषणा अटल हेल्पलाइन का नाम दिया जा सकता है। हालांकि, विजिलेंस के अधिकारी इस पक्ष में नहीं हैं, लेकिन आला अधिकारियों के सरकार को कम झंझटों में हेल्पलाइन को शुरू करने के सुझावों पर सरकार सकारात्मक रुख अपना सकती है।