हिमाचल के स्कूलों में तैनात पीटीए शिक्षकों सरकार जल्द ही बड़ा तोहफा देने जा रही है। इन्हें रेग्युलर करने की तैयारी चल रही है। इसके लिए एक नई नीति भी तैयार की जा रही है। मुख्यमंत्री वीरभद्र सिंह ने कहा है कि सरकार शीघ्र ही पीटीए शिक्षकों के लिए नीति बनाकर इन्हें रेगुलर करेगी।
उन्होंने बाहरी राज्यों को हिमाचल में नए प्रोजेक्टों से तैयार होने वाली बिजली नहीं बेची जाएगी। इन राज्यों से जो भी बिजली तैयार होगी, इसका इस्तेमाल प्रदेश में लगे उद्योगों में किया जाएगा। इन उद्योगों को यह फायदा तभी देंगे, जब ये हिमाचल के बेरोजगारों को काम देंगे।
मुख्यमंत्री ने लवी मेले में लगे स्टॉलों को भी देखा। शुक्रवार को पाट बंगला में लवी मेले के समापन समारोह में सीएम ने कहा कि सरकार ग्रामीण क्षेत्रों मे शिक्षा का तेजी से विस्तार कर रही है। एक समय जब रामपुर कालेज में छात्रों की संख्या काफी कम थी तो इसे बंद करने का सुझाव तक विपक्ष ने दिया था और यहां के छात्रों को चंडीगढ़ कालेज में दाखिल कराने को कहा था।
उस समय इस सुझाव को नहीं माना गया और आज इसी कालेज में करीब 3500 छात्र शिक्षा ग्रहण कर रहे हैं। सिंह ने कहा कि रामपुर के पास चांटी पुल शीघ्र बनाया जाएगा। हिमाचल में मेले और त्योहार सांस्कृतिक धरोहर हैं। इनमें लवी मेला व्यापारिक होने के साथ ही अनूठा मेला है। यहां तिब्बत, चीन अफगानिस्तान, उज्बेकिस्तान सहित मध्य एशिया के कई देशों के व्यापारी व्यापार करने पहुंचते थे।