सरकारी स्कूलों में पढ़ने वाले बच्चों को इस साल मई महीने में स्कूल यूनिफार्म मिल जाएगी। मंगलवार को सरकार की हाई पावर कमेटी ने दो साल के लिए एक बार में यूनिफार्म खरीद के लिए टेंडर जारी करने को मंजूरी दे दी।
अधिकारियों का दावा है कि तीन महीने के अंदर टेंडर प्रक्रिया पूरी कर बच्चों तक यूनिफार्म बांटने का काम शुरू कर दिया जाएगा। हालांकि इसके लिए हिमाचल सरकार सीधे मिल मालिकों से कपड़ा खरीद करेगी। इससे एक साथ बच्चों को यूनिफार्म देने में आसानी होगी।
साथ ही एक बार में ज्यादा आर्डर करने से सरकारी खजाने पर बोझ भी कम होगा। हर साल आधा सत्र बीतने के बाद भी यूनिफार्म का वितरण नहीं हो पाता था। इससे बच्चों को तो परेशानी होती ही थी। साथ ही सरकार की भी खासी किरकिरी होती थी।