लंबे समय से वर्दी भत्ता के भुगतान की मांग कर रहे हिमाचल पुलिस के करीब 16 हजार जवानों को सरकार ने बड़ा झटका दे दिया है। सरकार ने इस भत्ते के भुगतान से इंकार कर दिया है। सरकार का कहना है कि वर्दी के एवज में कोई पैसा सरकार नहीं देगी।
इससे करीब 16 हजार जवानों को निराशा लगी है। ये पुलिसवाले पिछले चार साल से अपने ही पैसों की यूनिफॉर्म पहन रहे हैं। इन्हें उम्मीद थी कि सरकार उन्हें इसके बदले पैसा देगी या फिर खुद वर्दी का प्रबंध करेगी।
मगर ऐसा नहीं हो पाया है। विधानसभा सदस्य रिखी राम कौंडल के प्रश्न का लिखित में उत्तर देते हुए मुख्यमंत्री वीरभद्र सिंह ने बताया कि पिछले चार वर्षों से पुलिस कर्मचारियों को वर्दी नहीं दी जा रही है।
उन्होंने कहा कि सरकार पिछले चार वर्षों की वर्दी एकमुश्त नहीं देगी और न ही इसकी एवज में कोई एरियर दिया जाएगा।