हिमाचल के स्कूलों में तैनात पीटीए शिक्षकों को सरकार ने दीपावली का तोहफा दे दिया है। मार्च 2016 तक के लिए प्रारंभिक शिक्षा विभाग को सरकार ने 2.62 करोड़ की ग्रांट जारी कर दी है। प्रारंभिक कक्षाओं में तैनात पीटीए शिक्षकों के वेतन अदायगी में अब देरी नहीं होगी। दो महीने से लंबित मानदेय भी अब एक साथ जारी हो जाएगा।
प्रदेश के स्कूलों में नियुक्त 800 शिक्षक ग्रांट जारी होने से लाभान्वित होंगे। पीटीए अनुबंध अध्यापक संघ ने ग्रांट जारी करने के लिए मुख्यमंत्री वीरभद्र सिंह का आभार जताया है। संघ के प्रदेश अध्यक्ष विवेक मेहता ने बताया कि 29 अक्तूबर को एक प्रतिनिधिमंडल ने अतिरिक्त मुख्य सचिव वित्त डा. श्रीकांत बाल्दी से मुलाकात की थी। सरकार ने अब ग्रांट भी जारी कर दी है।
वित्तीय लाभ देने की भी रखी मांग
पीटीए अनुबंध अध्यापक संघ के अध्यक्ष विवेक मेहता, उपाध्यक्ष प्रताप फौजी, महासचिव शिशुपाल गाजटा, सह सचिव ललित ठाकुर, प्रभारी दिनेश ठाकुर, संघर्ष समिति के प्रदेश अध्यक्ष सुभाष भारद्वाज, प्रेस सचिव गगन चौहान, कोषाध्यक्ष दया दत्ता ने अतिरिक्त मुख्य सचिव शिक्षा पीसी धीमान से मुलाकात कर सिरमौर और चंबा में शिक्षकों को बढ़ा हुआ मानदेय देने की मांग की।
उन्होंने कहा कि कुछ डीटीओ की रिपोर्ट के कारण वित्तीय लाभ नहीं मिल रहे हैं। अध्यक्ष विवेक मेहता ने बताया कि उच्च कक्षाओं में तैनात करीब 500 पीटीए शिक्षकों को यह ग्रांट मिल चुकी है।