मानसून सत्र के स्थगित होने के बाद अब हिमाचल सरकार फिर से विधानसभा सत्र बुलाने की तैयारी कर रही है। राजभवन में शिक्षक दिवस पर मुख्यमंत्री वीरभद्र सिंह ने अनौपचारिक बातचीत में कहा कि प्रदेश सरकार जल्द विधानसभा का सत्र बुला सकती है।
उन्होंने कहा कि हिमाचल कैबिनेट की अगली बैठक में इस पर निर्णय लिया जा सकता है। सीएम ने कहा कि सत्र बुलाने के फैसले के लिए विपक्ष की सहमति जरूरी नहीं है। मुख्यमंत्री ने कहा कि विपक्ष के नकारात्मक रुख के कारण सदन को स्थगित करना पड़ा था।
उन्होंने आरोप लगाया कि मानसून सत्र के दौरान सदन में भाजपा नेता न तो सवाल करते थे और न ही जवाब सुनने को तैयार होते थे। बहुत सारे फैसले विधानसभा के भीतर होते हैं, लेकिन विपक्ष के हंगामे के कारण उन पर फैसला नहीं हो पाया।
इससे प्रदेश की जनता को नुकसान हुआ। सरकार के इन संकेतों के बाद ये तय माना जा रहा है कि जल्द ही विधानसभा का सत्र बुलाया जाएगा। सरकार जल्द ही इसकी तिथियां घोषित कर सकती है।