फ्री ई-पेपर
पर्सनलाइज़्ड फ़ीड
पर्सनलाइज़्ड नोटिफ़िकेशन
चलते-फिरते ख़बरें
लॉयल्टी रिवॉर्ड्स
विज्ञापन

भारी बर्फबारी की चेतावनी के बाद हिमाचल में अलर्ट, हेल्पलाइन नंबर जारी

Sat, 14 Jan 2017 11:25 AM IST
ब्यूरो/अमर उजाला, शिमला
विज्ञापन
विज्ञापन
हिमाचल के मध्य और उच्च पर्वतीय क्षेत्रों में 15 और 16 जनवरी को भारी बर्फबारी की चेतावनी के बाद सरकार ने भी अलर्ट जारी कर दिया है। उपायुक्तों को जरूरी सामान का प्रबंध करने और बर्फबारी से निपटने के लिए पुख्ता इंतजाम करने के निर्देश दिए हैं। शिमला में हेल्पलाइन नंबर भी जारी कर दिए गए हैं।
विज्ञापन


लोक निर्माण विभाग, सिंचाई एवं जन स्वास्थ्य विभाग, बिजली बोर्ड सहित नगर निकायों से अलर्ट पर रहने को कहा है। मुख्य सचिव वीसी फारका स्वयं तैयारियों की समीक्षा कर रहे हैं। उन्होंने खाद्य वस्तुओं का पर्याप्त भंडारण, एलपीजी, दूध-ब्रेड, सब्जियों की नियमित आपूर्ति बनाए रखने के निर्देश दिए हैं।

पिछली बर्फबारी से सीख लेते हुए इस बार सरकार अभी से तैयारी में जुट गई है। विद्युत बोर्ड ने शिमला शहर में बिजली सप्लाई बहाल रखने को नाहन, अर्की, नालागढ़ और सुंदरनगर से तकनीकी कर्मी तैनात किए हैं। बोर्ड प्रबंधन बीते दिनों हुई किरकिरी को दोबारा नहीं दोहराना चाहता।
विज्ञापन

15 और 16 जनवरी के लिए जारी हुआ अलर्ट, मशीनरी तैयार

विद्युत बोर्ड के प्रबंध निदेशक ने अधिकारियों के साथ बैठक कर 15 और 16 जनवरी के दौरान मुस्तैद रखने को कहा है। शिमला शहर को विभिन्न सेक्टर में बांटकर बिजली कर्मियों की ड्यूटी लगाई है। अफसरों और कर्मचारियों से मोबाइल फोन ऑन रखने को कहा है।

मुख्य सचिव ने लोनिवि को नेशनल हाइवे और स्टेट हाइवे फौरन खोलने के लिए मशीनरी को सुरक्षित स्थानों पर खड़ा करने को कहा है। आईपीएच और नगर निगम शिमला से 15 से पहले पीने के लिए पानी स्टोर करने और पेयजल योजनाओं को दुरुस्त रखने के लिए अधिक स्टाफ नियुक्त करने को कहा है।

हिमाचल के इन जिलों में भारी बर्फबारी की चेतावनी

हिमाचल में भारी बर्फबारी की चेतावनी जारी कर दी गई है। मौसम विभाग ने 15 और 16 जनवरी को प्रदेश के उच्च पर्वतीय क्षेत्रों किन्नौर, लाहौल-स्पीति, मध्य पर्र्वतीय क्षेत्रों शिमला, सोलन, सिरमौर, मंडी, कुल्लू और चंबा में भारी बर्फबारी की चेतावनी जारी की है।

विभाग ने शनिवार से मौसम का मिजाज बदलने का पूर्वानुमान जताया है। शनिवार को मैदानी क्षेत्रों ऊना, बिलासपुर, हमीरपुर, कांगड़ा में बारिश और मध्य और उच्च पर्वतीय क्षेत्रों में बर्फबारी की संभावना है। विभाग के अनुसार 18 जनवरी तक सूबे में मौसम खराब रहेगा।

वीरवार रात को केलांग में न्यूनतम तापमान माइनस 14.8, कल्पा में माइनस 7.8, मनाली में माइनस 7.0, शिमला में माइनस 1.4, सोलन में माइनस 1.2, भुंतर में माइनस 1.0, सुंदरनगर में माइनस 1.1, चंबा में माइनस 0.2, ऊना में 1.2, कांगड़ा में 0.7, हमीरपुर में 0.5, बिलासपुर में 0.1 और मंडी में 4.1 डिग्री सेल्सियस रिकॉर्ड किया गया।

बर्फबारी में नहीं रहेगी एंबुलेंस की टेंशन, ये हैं हेल्पलाइन नंबर

शिमला शहर में बर्फबारी के दौरान मरीजों को एंबुलेंस सेवा बहाल न होने से परेशान नही होना पड़ेगा। उपायुक्त और चेयरमैन रेडक्रॉस सोसायटी रोहन चंद ठाकुर ने बताया कि एंबुलेंस मैहली, आईजीएमसी, टूटीकंडी, बाईपास और संजौली चौकी के पास खड़ी रहेंगी। आवश्यकतानुसार कोई भी व्यक्ति इन एंबुलेंस के ड्राइवरों को कॉल करके सेवा का लाभ प्राप्त कर सकता है।

यहां खड़ी रहेंगी एंबुलेंस, ये होंगे चालकों के नंबर
मैहली - एचपी 07 ए 0567 चालक नंबर: 98171- 54329
आईजीएमसी - एचपी 07 ए 0568 चालक नंबर: 88947- 00711
बाईपास क्रांसिंग शिमला - एचपी 07 ए 0591 चालक नंबर 88947-00710
संजौली - एचपी 07 ए 0656 चालक नंबर: 86280-52999

पीडब्‍ल्यूडी के फील्ड स्टाफ की छुट्टियां रद्द

शिमला में आगामी बर्फबारी की चेतावनी को देखते हुए लोनिवि ने फील्ड स्टाफ की छुट्टियां रद्द कर दी हैं। सड़कों से बर्फ हटाने के लिए लोनिवि ने जेसीबी मशीनों की तादाद बड़ा दी है। मौसम विभाग ने सोमवार से राजधानी शिमला के साथ साथ ऊंचाई वाले पहाड़ी क्षेत्रों में भारी बर्फबारी होने की चेतावनी दी है।

शुक्रवार को शिमला में हुए हिमपात शहर के लोगों का जनजीवन अस्त-व्यस्त हो गया था। सड़कें बंद होने के कारण लोगों को भारी परेशानियों का सामना करना पड़ा था। सड़कों पर बर्फ होने से मौजूदा समय में भी मुख्य शहर के साथ लगते कई क्षेत्रों के लिंक रोड अभी भी वाहनों की आवाजाही के लिए बंद पड़े हैं।

बंद सड़कें और दोबारा बर्फबारी होने पर सड़कों को वाहनों की आवाजाही के लिए बहाल करने के लिए लोनिवि ने फील्ड स्टाफ की छुट्टियां रद्द कर दी हैं। हिमपात होने पर शिमला का सर्कुलर रोड सड़क  वाहनों की आवाजाही बहाल रहे विभाग ने निजी आपरेटरों से बर्फ हटाने के लिए और अधिक जेसीबी मशीनों की तादाद बड़ा दी है।

लोक निर्माण विभाग शिमला मंडल एक के अधिशासी अभियंता आयूब चौधरी ने बताया कि बर्फ हटाने के लिए जेसीबी मशीनों की संख्या बड़ा दी है। फील्ड स्टाफ की छुट्टियां रद्द कर दी गई हैं।

सड़क बहाली, बिजली- पानी आपूर्ति को प्लान तैयार

मौसम विभाग ने आने वाले दो दिन में भारी बर्फबारी की संभावना जताई है। इसके लिए जिला प्रशासन ने तैयारियां कर ली हैं। शहर को पांच अलग-अलग सेक्टरों में बांटा गया है। इसमें जिला प्रशासन, नगर निगम, पीडब्लूडी, वन विभाग और आईपीएच विभाग के अफसरों की ड्यूटी लगा दी गई है।

प्रशासन का दावा है कि सुनियोजित तरीके से इस बार बर्फबारी से निपटने के लिए प्लान तैयार किया गया है। सड़क बहाली, बिजली और पानी आपूर्ति  के लिए संबंधित अफसरों को जिम्मेदारी दे दी गई है। गिरे पेड़ों को मौके पर से जल्द हटा दिया जाएगा ताकि लोगों को परेशानी न झेलनी पड़े। मौसम  विभाग के पूर्वानुमान के मुताबिक रविवार और सोमवार को पहले से अधिक बर्फबारी होगी।
विज्ञापन

अब 15 के बाद ही बहाल होगी पूरी विद्युत सप्लाई

हिमाचल के सभी क्षेत्रों में 15 जनवरी के बाद ही बिजली सप्लाई बहाल होगी। बोर्ड प्रबंधन ने मरम्मत कार्यों की अवधि दो दिन और बढ़ा दी है। पहले 13 जनवरी तक सप्लाई दुरुस्त करने का दावा किया था, लेकिन शुक्रवार को बोर्ड ने 15 जनवरी तक मोहलत मांगी। शिमला में 122 ट्रांसफार्मर अभी भी बंद हैं। कुल 667 बंद ट्रांसफार्मरों में से बोर्ड 545 को ही ठीक कर सका है।

राज्य बजली बोर्ड लिमिटेड के उप निदेशक लोक संपर्क अनुराग पराशर ने जानकारी दी कि शुक्रवार को मंडी के जंजैहली क्षेत्र का अधिकतर भाग, बरोट घाटी के अधिकतर गांवों में बिजली बहाल कर दी है। सिरमौर के चारना क्षेत्र के चौहार, चिल्लन गांव में सप्लाई पहुंच गई है। रोहड़ू क्षेत्र में बंद 533 ट्रांसफार्मरों में से 473 बहाल कर दिए हैं। शेष 60 ट्रांसफार्मर 15 जनवरी तक बहाल होंगे।

चौपाल में 298 ट्रांसफार्मरों में से 194 बहाल किए हैं। शेष 104 ट्रांसफार्मर 15 तक बहाल होंगे। ठियोग में 468 ट्रांसफार्मरों में से 244 ठीक कर दिए हैं। जुब्बल कोटखाई में बंद पड़े 503 ट्रांसफार्मरों में से 439 ठीक कर दिए गए हैं। शेष 64 ट्रांसफार्मर 15 तक ठीक होंगे।

रामपुर के 9 ट्रांसफार्मर 14 तक बहाल होंगे। करसोग एवं पांगणा की विद्युत आपूर्ति 14 तक बहाल होगी। चंबा के भरमौर में 80 ट्रांसफार्मर बहाल कर दिए हैं। शेष 20 ट्रांसफार्मर 15 तक बहाल होंगे। तीसा के 21 ट्रांसफार्मर 14 को ठीक होंगे। सलूणी और डलहौजी के बंद 4 ट्रांसफार्मरों को ठीक करने का काम जारी है। राजगढ़ में 80 प्रतिशत विद्युत आपूर्ति बहाल कर दी गई है।
और पढ़ें...
विज्ञापन
Next
AU ऐप में पढ़ें