शीतकालीन प्रवास के दौरान कांगड़ा के इंदौरा में मुख्यमंत्री वीरभद्र सिंह ने भाजपा के खिलाफ जमकर हमला बोला। उन्होंने कहा कि भाजपा उनके खिलाफ कितनी भी चालें चले, कितने भी बेहूदा आरोप लगा ले, लेकिन वे उनकी धमकियों से डरने वाले नहीं हैं।
भाजपा ने मुझे हटाने के लिए ओछे हथकंडे अपनाए, लेकिन मैं चट्टान की तरह स्थिर हूं और मुख्यमंत्री हूं। आगामी विस चुनाव में प्रदेश में कांग्रेस सरकार बनाकर भाजपा को उसका चेहरा दिखाएंगे और सातवीं बार मुख्यमंत्री बनकर लोगों की सेवा करेंगे।
सीएम बोले - भाजपाइयों ने उन पर कई झूठे केस बनाए और लांछन लगाए, लेकिन कोई भी आरोप साबित नहीं हो पाया। इससे भाजपा तिलमिला गई है। कहा कि राज्य का विकास भाजपा को नहीं दिखता, क्योंकि उनकी आंखों में पट्टी बंधी हुई है।