राजधानी में राशन कोटा घटने के साथ महंगा भी हो गया है। जुलाई में राशन कार्ड धारकों को 18 किलो आटा की जगह 13 किलो आटा और 9 किलो चावल की जगह 6 किलो चावल ही दिए जाएंगे।
इस कटौती के अलावा जुलाई में सरसों तेल के दाम भी 12 रुपये बढ़ गए हैं। जुलाई में उपभोक्ताओं को 59 रुपये की जगह 71 रुपये में सरसों का तेल मिलेगा। राशन कटौती और महंगाई से उपभोक्ताओं में रोष है।
उपभोक्ता भाजपा और कांग्रेस की सरकार को कोस रहे हैं। मिडल बाजार के राम शरण, किरण शर्मा, अनुभूति शर्मा, निधि चौधरी ने कहा है कि महंगाई के इस दौर में राशन की कटौती कर सरकार ने लोगों पर अतिरिक्त बोझ डाल दिया है।
परिवार सदस्य के अनुसार मिलेगा राशन
राशन कार्ड धारकों को दालों और सरसों तेल के अलावा प्रति सदस्य के हिसाब से 600 ग्राम चीनी, एपीएल परिवारों को प्रति कार्ड दो सदस्यों पर छह किलो चावल, 13 किलो आटा मिलेगा।
दो सदस्यों के राशन कार्ड पर एक किलो चना दाल, एक लीटर सरसों का तेल और एक पैकेट नमक मिलेगा। तीन और चार सदस्यों के राशन कार्ड पर एक किलो चना दाल, एक किलो माश की दाल, दो लीटर सरसों का तेल और एक पैकेट नमक मिलेगा।
पांच और उसके अधिक सदस्यों के राशन कार्ड पर एक किलो चना दाल, एक किलो माश की दाल, एक किलो काबुली चना, दो लीटर सरसों का तेल और एक पैकेट नमक मिलेगा।