हिमाचल सरकार बुधवार को मंत्रिमंडल की बैठक में फिर नौकरियों का पिटारा खोल सकती है। शीतकालीन प्रवास के बीच राज्य सरकार ने मिनी सचिवालय धर्मशाला में बुधवार दोपहर बाद ढाई बजे बैठक बुलाई है। इसमें सभी मंत्रियों को बुलाया गया है।
बैठक में मेडिकल यूनिवर्सिटी और कलस्टर विश्वविद्यालय खोलने पर भी चर्चा हो सकती है। मुख्यमंत्री वीरभद्र सिंह की अध्यक्षता में होने वाली बैठक में स्वास्थ्य, शिक्षा समेत कई अन्य महकमों में रिक्त पदों को भरने की मंजूरी मिल सकती है।
कुछ बिजली प्रोजेक्टों को जहां प्रदेश सरकार मंजूरी दे सकती है, वहीं कुछ को रद्द भी किया जा सकता है। आईजीएमसी शिमला को मेडिकल यूनिवर्सिटी में तबदील करने का मामला भी चर्चा के लिए जा सकता है।
मंडी में खोले जाने वाले कलस्टर विश्वविद्यालय को लेकर चर्चा हो सकती है। केंद्र सरकार ने हाल ही में हिमाचल सरकार को मंडी में अलग विश्वविद्यालय खोलने के लिए मंजूरी दी है। इस कलस्टर विश्वविद्यालय के तहत प्रदेश के छह जिलों के कॉलेज शामिल किए जाएंगे। शेष छह जिलों के कॉलेज शिमला विश्वविद्यालय के तहत ही रहेंगे।