हिमाचल में एक मार्च से बजट सत्र शुरू होने जा रहा है। सरकार का अंतिम बजट होने के नाते विपक्ष विधानसभा में सत्ता पक्ष को युवाओं को बेरोजगारी भत्ता न दिए जाने, अवैध खनन और चहेतों को नौकरी दिए जाने के आरोपों को लेकर घेरने की रणनीति बनाएगा।
इसके लिए भाजपा ने 28 फरवरी को पीटरहॉफ में विधायक दल की बैठक बुलाई है। इसकी अध्यक्षता भाजपा विधायक दल के नेता एवं पूर्व मुख्यमंत्री प्रेम कुमार धूमल करेंगे। बैठक में विधानसभा सत्र में पार्टी की नीति पर तथा उठाए जाने वाले मुद्दों पर चर्चा होगी।
भाजपा दल के मुख्य सचेतक सुरेश भारद्वाज ने कहा कि हिमाचल में सड़कों की हालत दयनीय है। सरकार करोड़ों के कर्जों में डूबी है और मुख्यमंत्री वीरभद्र सिंह घोषणाओं पर घोषणाएं कर रहे हैं। विभागों में रिक्त पद पड़े हैं। स्कूलों में भी अध्यापकों की कमी चल रही है।
कांग्रेस सरकार को सत्ता में रहते हुए चार साल से अधिक समय हो गया है, लेकिन हिमाचल में विकास नजर नहीं आ रहा है। अब जब हिमाचल में विधानसभा चुनाव होने जा रहे हैं तो सरकार की ओर से चुनावी घोषणाएं की जा रही हैं।