प्रदेश स्कूल शिक्षा बोर्ड के मंगलवार को घोषित हुए परीक्षा परिणाम में एक बार फिर से लड़कियों का दबदबा रहा है। 69 की मेरिट लिस्ट में 43 लड़कियों ने स्थान बनाया है।
विज्ञापन
वहीं, 26 लड़कों ने मेरिट में बाजी मारी है। टॉपरों में भी लड़कियां ही शुमार हैं। शिक्षा बोर्ड ने विज्ञान, कला, वाणिज्य औरव्यवसायिक ग्रुप के साथ वोकेशनल कोर्स चार विषयों की अलग मेरिट लिस्ट जारी की है।
चारों में लड़कियां ही टॉपर हैं। वहीं, सरकारी स्कूलों के छात्रों ने इस बार बेहतरीन प्रदर्शन करते हुए निजी स्कूलों के परीक्षार्थियों को पीछे छोड़ दिया है। 69 की मेरिट लिस्ट में 42 छात्र सरकारी स्कूलों के हैं। यह सूबे के सरकारी स्कूलों के लिए बड़ी उपलब्धि है। हालांकि, इसमें 15 वोकेशनल कोर्स के छात्र भी शामिल हैं।
विज्ञापन
छात्र यह परीक्षा परिणाम results.amarujala.com पर देख सकते हैं।
67.1 रहा जमा दो का परीक्षा परिणाम
हिमाचल प्रदेश स्कूल शिक्षा बोर्ड का परीक्षा परिणाम इस बार 67.1 प्रतिशत रहा। मार्च 2014 में आयोजित हुई वार्षिक परीक्षा में 1,07,208 परीक्षार्थी बैठे। इनमें से 71,653 परीक्षार्थी उत्तीर्ण हुए तथा 19,920 परीक्षार्थियों को कंपार्टमेंट आईं।
इसके अलावा जमा दो एसओएस का परीक्षा परिणाम अभी नहीं निकाला गया है। कुछ दिनों के बाद ही एसओएस परीक्षा परिणाम घोषित हो सकेगा। शिक्षा बोर्ड सचिव बलवीर ठाकुर ने बताया कि जमा दो विज्ञान, कला, वाणिज्य एवं व्यवसायिक ग्रुप कक्षा के जो परीक्षार्थी पुर्नमूल्यांकन व पुर्ननिरीक्षण करवाना चाहते हैं, वे पुनर्मूल्यांकन 200 तथा पुनर्निरीक्षण 150 रुपये प्रति उत्तरपुस्तिका की दर से 15 दिनों के भीतर 20 मई तक अपने फार्म जमा करवा सकते हैं।
निर्धारित समय के बाद कोई भी आवेदन नहीं लिया जाएगा। इसके अलावा कंपार्टमेंट के परीक्षार्थी 300 रुपये शुल्क के साथ 30 जून 2014 तक आवेदन कर सकते हैं।
विज्ञान में रहा प्राइवेट स्कूलों का दबदबा
विज्ञान संकाय में सरकारी 6 व निजी 17, कला में 16 सरकारी व एक निजी, कॉमर्स में 5 सरकारी व 9 निजी स्कूलों के छात्रों ने मेरिट में स्थान पाया है।
कुल मिलाकर पिछले परिणामों की तुलना में सरकारी स्कूलों के छात्रों का खूब दबदबा रहा है। विज्ञान संकाय में हमीरपुर (9) और कॉमर्स में सिरमौर (7) के छात्रों का दबदबा रहा है।
वहीं, वोकेशनल कोर्स में शिमला जिला के 6 छात्र मेरिट में आए। इसके अलावा आर्ट्स में कांगड़ा जिले के 6 विद्यार्थियों ने मेरिट में स्थान बनाया।
प्रदेश स्कूल शिक्षा बोर्ड के परीक्षा परिणामों में पिछले कुछ सालों में काफी सुधार देखने को मिल रहा है।
2011 में 58.5 प्रतिशत, 2012 में 61.5 प्रतिशत, 2013 में 65.01 प्रतिशत और 2014 में 67.1 प्रतिशत रहा। पिछले सालों के आंकड़ों पर नजर दौड़ाएं तो परीक्षा परिणाम में लगातार सुधार हो रहा है।
सरकारी स्कूलों के परिणाम में इनमें ज्यादा उत्साहित करने वाले हैं। कला के अलावा विज्ञान विषय में भी सरकारी स्कूलों के होनहारों की संख्या बढ़ी है।