हिमाचल में पंचायत चुनाव के चलते इस बार शीतकालीन स्कूलों में तीन सप्ताह पहले ही वार्षिक परीक्षाएं लेने का फैसला लिया गया है। दिसंबर माह की शुरुआत में होने वाली परीक्षाएं नवंबर के मध्य से ही शुरू हो जाएंगी। शिक्षा निदेशालय ने सभी जिला उपनिदेशकों को सात दिसंबर से पहले नॉन बोर्ड कक्षाओं की परीक्षाएं लेने के आदेश जारी किए हैं।
बीते साल के मुकाबले इस साल पहली से लेकर नौवीं कक्षा के बच्चों को जल्द वार्षिक परीक्षाओं की तैयारी में जुटना होगा। अध्यापकों पर भी सिलेबस पूरा करने का दबाव रहेगा। प्रदेश के शीतकालीन स्कूल जिला शिमला, किन्नौर, लाहौल स्पीति, कुल्लू, सोलन, सिरमौर, चंबा, कांगड़ा और मंडी में हैं। अधिकतर जिलों में ग्रीष्मकालीन स्कूल भी हैं। वहां मार्च 2016 में ही वार्षिक परीक्षाएं होंगी।