हिमाचल प्रदेश स्कूल शिक्षा बोर्ड धर्मशाला ने शनिवार को 12वीं कक्षा का परीक्षा परिणाम घोषित कर दिया। तीनों संकायों में पांच टॉपरों में से चार छात्राएं और एक छात्र अव्वल रहा। आर्ट्स में प्रदेश भर में प्रथम आईं बिलासपुर के राजकीय कन्या वरिष्ठ माध्यमिक स्कूल घुमारवीं की वाणी गौतम (494/98.8%) ओवरऑल टॉपर रहीं। परीक्षा परिणाम 93.91 फीसदी रहा। साइंस संकाय में कांगड़ा के इशान पब्लिक सीनियर सेकेंडरी स्कूल समलोटी की शगुन (493/98.6%), बिलासपुर के राजकीय वरिष्ठ माध्यमिक पाठशाला बरठीं की अक्षिता (493/98.6%) और हमीरपुर के न्यू पब्लिक स्कूल गोपालपुर के क्षितिज (493/98.6%) ने संयुक्त रूप से प्रथम स्थान हासिल किया।
कॉमर्स में ऊना के राजकीय वरिष्ठ माध्यमिक स्कूल ठठल की तनिशा (490/98%) टॉपर रहीं। परीक्षा में कुल 88,013 परीक्षार्थी बैठे थे, जिनमें से 82,342 पास हुए। 1,889 फेल, जबकि 3,379 की कंपार्टमेंट आई। इसके अलावा आरएलडी-41, आरएलई-1, पीआरएस-5 और पीआरसी 15 परीक्षार्थियों को घोषित किया गया। परिणाम में लड़कियों का डंका बजा है। तीनों संकायों के कुल 92 टॉपरों में से 76 स्थान लड़कियों ने अपने नाम किए हैं। इनमें सरकारी स्कूलों के 45 और निजी स्कूलों के 47 विद्यार्थी शामिल हैं।
आर्ट्स संकाय में पहले 10 स्थानों पर 20, साइंस में 53 और कॉमर्स में 19 परीक्षार्थी टॉप टेन पर रहे। आर्ट्स में सभी 20 छात्राएं टॉप-10 में रहीं। इनमें 19 सरकारी और एक निजी स्कूल की छात्रा है। साइंस में 14 छात्र व 39 छात्राएं शामिल हैं, जिनमें सरकारी स्कूलों के 14 और निजी स्कूलों के 39 परीक्षार्थी शामिल हैं। कॉमर्स में कुल 19 टॉपरों में दो छात्र और 17 छात्राएं शामिल हैं। इनमें से 12 सरकारी, जबकि सात निजी स्कूलों से हैं।
पिछले वर्ष के मुकाबले 1.14 फीसदी अधिक रहा परिणाम
पिछले पांच वर्ष में पहली बार परीक्षा परिणाम 93.91 रहा है। पिछले वर्ष यह परीक्षा परिणाम 92.77 फीसदी था, जबकि इस वर्ष यह परीक्षा परिणाम पिछले वर्ष के मुकाबले 1.14 फीसदी अधिक रहा है। वर्ष 2018 में 70.18, 2018-19 में 55.26 और वर्ष 2019-20 में 76.07 फीसदी रहा था।
पुनर्मूल्यांकन/पुनर्निरीक्षण के लिए आवेदन 4 जुलाई तक
जो अभ्यर्थी पुनर्मूल्यांकन/पुनर्निरीक्षण करवाने के इच्छुक हैं, वे 4 जुलाई तक बोर्ड की वेबसाइट पर संबंधित पाठशाला के माध्यम से ऑनलाइन आवेदन कर सकते हैं। पुनर्मूल्यांकन के लिए 500, पुनर्निरीक्षण के लिए 400 रुपये प्रति विषय फीस लगेगी। पुनर्मूल्यांकन के लिए संबंधित विषय में कम से कम 20 फीसदी अंक जरूरी हैं।
12वीं कक्षा का परीक्षा परिणाम घोषित कर दिया है। परिणाम बोर्ड की वेबसाइट पर उपलब्ध है। एक लिंक में टर्म-2 थियोरी तथा दूसरे लिंक में टर्म-1-टर्म-2 का अंतिम परीक्षा परिणाम उपलब्ध है। - डॉ. सुरेश कुमार सोनी, अध्यक्ष, प्रदेश स्कूल शिक्षा बोर्ड