उधर, कांग्रेस नेता राहुल गांधी और प्रियंका गांधी ने हिमाचल से जुड़ी दस समस्याओं के समाधान की गारंटी का संकल्प ट्वीट किया है। हिमाचल से संबंधित दस वादों के साथ राजस्थान और छत्तीसगढ़ की कांग्रेस सरकार के वादे याद दिलाए हैं, जिन्हें पूरा किया है। राहुल ने फेसबुक और ट्विटर कर कहा कि हिमाचल के लोगों की समस्याओं का समाधान अब पार्टी की गारंटी है। कांग्रेस हमेशा जनता की भलाई और उनके विकास के मुद्दों पर बात करती है। इस गारंटी कार्ड में भी हमने राज्य की जनता के मुद्दों को गांव-गांव जाकर टटोला, स्थानीय लोगों से बात कर उनकी समस्याएं सुनीं और फिर उनका हल निकालते हुए यह गारंटी कार्ड तैयार किया है।
राहुल ने कहा कि राजस्थान और छत्तीसगढ़ में हमने जनता से जो वादे किए थे, उन्हें पूरा किया। आने वाले समय में जिस-जिस राज्य में हमारी सरकार बनेगी, हम अपने वादे पूरे करेंगे। इस गारंटी कार्ड को ध्यान से पढ़ें और अपने भविष्य के बारे में सोच-समझकर फैसला करें। कांग्रेस जनता के साथ मिलकर राज्य को फिर से आगे बढ़ाएगी। हिमाचल को लेकर प्रियंका गांधी ने भी ट्वीट कर कहा कि कांग्रेस पार्टी देवभूमि हिमाचल की जनता के असल मुद्दों से जुड़ी 10 गारंटी प्रदेश के लोगों का समर्पित कर रही है। प्रदेश के लोग चाहते हैं कि इन मुद्दों पर काम करने की ठोस बात हो। पार्टी जनता के मुद्दों पर काम व प्रदेश के विकास का संकल्प लेती है।