पच्छाद इलाके की डिलमन पंचायत के सनोग मजलोड़ी गांव के एक मकान में लगी आग से हजारों रुपये का नुकसान हो गया है। उधर, स्थानीय प्रशासन ने घटना स्थल का दौरा करने के बाद प्रभावित परिवार को 20 हजार रुपये की फौरी राहत प्रदान की है।
जानकारी के अनुसार पच्छाद क्षेत्र की डिलमन पंचायत के सनोग मजलोडी गांव के रोशन लाल का मकान शॉर्ट सर्किट होने के कारण जलकर राख हो गया है। आग लगने से घर के अंदर रखी 50 हजार की नकदी व करीब 70 हजार का सामान जल गया।
मकान जलने की सूचना मिलने के बाद तहसीलदार गुरमीत नेगी ने हल्का पटवारी को मौके पर भेजकर मुआयना करवाया। इसके बाद हल्का पटवारी ने तहसीलदार पच्छाद को रिपोर्ट सौंपी है कि रोशन लाल का एक मकान था जिसके भीतर करीब 70 हजार का बिस्तर, बर्तन कपड़े व अन्य सामान समेत जलकर राख हो गया है।
इसके अलावा 50 हजार की नकदी भी मकान के भीतर जलकर राख हुई है। तहसीलदार पच्छाद गुरमीत नेगी ने बताया कि सूचना मिलते ही उन्होंने हल्के के पटवारी को मौके पर भेज दिया था। इसके बाद मकान मालिक को 20 हजार रुपये की फौरी राहत प्रदान की गई है।