अंडर-19 छात्रा वर्ग की जिला स्तरीय खेलकूद प्रतियोगिता में शानदार प्रदर्शन कर जीता खिताब
विज्ञापन
जिले के 18 विद्यालयों की 165 खिलाड़ियों ने लिया हिस्सा संवाद न्यूज एजेंसी
जुन्गा (शिमला)। राजकीय आदर्श वरिष्ठ माध्यमिक पाठशाला जुन्गा के प्रांगण में अंडर-19 छात्रा वर्ग की तीन दिवसीय जिला स्तरीय मेजर खेलकूद प्रतियोगिता का सोमवार को सांस्कृतिक कार्यक्रमों और पुरस्कार वितरण समारोह के साथ समापन हुआ। प्रतियोगिता के परिणामों में फुटबॉल के फाइनल मुकाबले में मेजबान जुन्गा स्कूल की टीम ने सुन्नी स्कूल को हराकर विजेता ट्रॉफी अपने नाम की। हॉकी में जुन्गा स्कूल विजेता रहा।
प्रतियोगिता में शिमला जिले के 18 विद्यालयों की 165 खिलाड़ियों ने विभिन्न खेल स्पर्धाओं में अपनी प्रतिभा का प्रदर्शन किया। समापन समारोह में सहायक आयुक्त एवं तहसीलदार जुन्गा कार्तिकेय शर्मा ने मुख्य अतिथि के रूप में शिरकत की जबकि जिला परिषद सदस्य खुश विक्रम सिंह विशिष्ट अतिथि के रूप में उपस्थित रहे। प्रधानाचार्य महेश शर्मा, विद्यालय प्रबंधन समिति और खेल प्रभारियों ने मुख्य अतिथि एवं विशिष्ट अतिथि का पुष्पगुच्छ और माला पहनाकर स्वागत किया। हॉकी में भी जुन्गा स्कूल प्रथम और सुन्नी स्कूल द्वितीय स्थान पर रहा। बास्केटबॉल में मतियाना स्कूल ने प्रथम और पोर्टमोर स्कूल ने द्वितीय स्थान हासिल किया। हैंडबॉल में एसपीएस सराहन विजेता और चियोग स्कूल उपविजेता रहा। एथलेटिक्स में एमपीएस फागू ने ओवरऑल चैंपियन का खिताब अपने नाम किया।
मुख्य अतिथि कार्तिकेय शर्मा ने विजेता एवं उपविजेता खिलाड़ियों को बधाई देते हुए कहा कि खेल विद्यार्थियों के शारीरिक विकास के साथ-साथ उनमें नेतृत्व क्षमता, अनुशासन और आत्मविश्वास की भावना विकसित करने में महत्वपूर्ण भूमिका निभाते हैं। मुख्य अतिथि ने विजेता और उपविजेता खिलाड़ियों को ट्रॉफी और पुरस्कार वितरित किए। प्रधानाचार्य महेश शर्मा ने कार्यक्रम के मुख्य अतिथि, विशिष्ट अतिथि, विभिन्न विद्यालयों से आई टीमों, खेल प्रभारियों तथा शारीरिक शिक्षकों का आभार व्यक्त किया। खेल विभाग प्रभारी सुमन चौहान ने प्रतियोगिता के सफल आयोजन में सहयोग देने वाले सभी लोगों का धन्यवाद किया। राष्ट्रगान के साथ तीन दिवसीय जिला स्तरीय प्रतियोगिता का विधिवत समापन हुआ।