ढांडा में सड़क किनारे खड़ी गाड़ी में रखा था कीमती सामान, लैपटॉप, मोबाइल और हार्ड डिस्क भी चोरी
विज्ञापन
दो आरोपी गिरफ्तार, मंडी जिले के हैं रहने वाले
वारदात में इस्तेमाल वाहन भी कब्जे में लिया अमर उजाला ब्यूरो
शिमला। ढांडा क्षेत्र में सड़क किनारे खड़ी गाड़ी का शीशा तोड़कर 12 लाख रुपये की घड़ी समेत लाखों रुपये का सामान चोरी होने का मामला सामने आया है।
पुलिस ने मामले की सूचना मिलते ही प्राथमिकी दर्ज कर दो आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया है। आरोपियों की पहचान लेखराज (38) और जोध सिंह (29) निवासी बल्ह जिला मंडी के रूप में हुई है। एक आरोपी को पुलिस ने आईजीएमसी के पास जबकि दूसरे को सुंदरनगर से गिरफ्तार किया है। पुलिस का दावा है कि आरोपियों से कीमती घड़ी समेत चोरी का सामान बरामद कर लिया है। वहीं वारदात में इस्तेमाल वाहन को भी कब्जे में लिया गया है। पुलिस के मुताबिक शिकायतकर्ता ने अपनी कार ढांडा के पास सड़क किनारे खड़ी की थी। अगले दिन सुबह कार के पिछले बाएं दरवाजे का शीशा टूटा मिला।
विज्ञापन
उन्होंने पड़ताल की तो कार के अंदर रखा लैपटॉप, मोबाइल फोन, हार्ड डिस्क और घड़ी समेत करीब 15 लाख रुपये का सामान गायब था। इसमें 12 लाख रुपये कीमत की ओमेगा ब्रांड की लग्जरी घड़ी भी शामिल थी। बालूगंज पुलिस ने अज्ञात लोगों के खिलाफ बीएनएस की धारा 305 के तहत प्राथमिकी दर्ज की। पुलिस ने तकनीकी पहलुओं के साथ ही क्षेत्र में लगे सीसीटीवी कैमरों की फुटेज भी खंगाली। इसके आधार पर पुलिस ने लेखराज और जोध सिंह को गिरफ्तार किया।एसएसपी शिमला गौरव सिंह ने बताया कि पुलिस ने दोनों आरोपियों के कब्जे से चोरीशुदा सामान बरामद कर लिया है। दोनों आरोपियों को न्यायालय के समक्ष पेश किया जा रहा है।