टी 20 क्रिकेट वर्ल्ड कप में बेहतरीन प्रदर्शन की उम्मीद लिए हांगकांग की टीम ने धर्मशाला स्टेडियम में अभ्यास शुरू कर दिया है। आयरलैंड के साथ अभ्यास मैच जीतने के लिए हांगकांग के हौसले बुलंद हैं।
लेकिन, मैदान पर गजब का जोश दिखाने वाली इस टीम के अतीत में छिपे जख्म भी कम नहीं हैं। अतीत पर गौर करें तो हांगकांग टीम ने पहला क्रिकेट मैच वर्ष 1866 में शंघाई के विरुद्ध खेला। लेकिन, हांगकांग की टीम का अतीत जितना गौरवमयी है, उतना ही दर्दनाक भी।
पूरे हांगकांग में मातम छा गया था, जब हांगकांग की टीम 8 अक्तूबर 1892 को मैच खेलने के बाद एक समुद्री जहाज से घर वापसी की राह में थी। तभी भयंकर चक्रवात की चपेट में इस देश की क्रिकेट टीम जिस समुद्री जहाज में सवार थी, वह डूब गया था।