पिछले साल कुल्लू में सामने आए हनीट्रैप मामले में जमानत पर चल रही महिला, उसका साथी और दो जेल पुलिस कर्मियों को गिरफ्तार किया गया है। इन पर शनिवार को दोहरानाला क्षेत्र में एक घर में घुसकर मारपीट तथा 50 हजार रुपये और अन्य सामान चोरी करने का आरोप है। रविवार को घटनास्थल पर जमकर हंगामा भी हुआ। महिला के साथ मारपीट करने में कुल्लू की सब जेल के दो पुलिस कर्मी सचिन और निशांत निवासी देहरा (कांगड़ा) भी शामिल थे।
इन पर विभागीय जांच शुरू करने के साथ निलंबित करने की तैयारी चल रही है। उधर, बताया जा रहा है कि हनीट्रैप मामले में महिला को करीब एक सप्ताह पहले ही जमानत मिली है। दोनों जेल पुलिस जवानों पर महिला के साथ साठगांठ का संदेह है। पुलिस ने छानबीन शुरू कर दी है।
जानकारी के अनुसार शनिवार रात करीब 9 बजे भुंतर थाना के अंतर्गत दोहरानाला क्षेत्र के डाबरी नामक गांव में महिला ने अपने एक तीन अन्य साथी और दो जेल पुलिस कर्मियों के साथ एक घर में घुसकर मारपीट की। स्थानीय प्रधान ने इसकी सूचना रात को ही भुंतर थाने को दी। शिकायत के बाद पुलिस मौके पर पहुंची। स्थानीय गांव के लोगों ने आरोपियों के खिलाफ कार्रवाई की मांग की। पुलिस ने महिला, उसके साथी और दो जेल पुलिस कर्मियों को गिरफ्तार कर लिया है।
उधर, पुलिस अधीक्षक कुल्लू गौरव सिंह ने कहा कि पुलिस ने हनीट्रैप में फंसी महिला, उसके साथी और दो जेल पुलिस कर्मियों को गिरफ्तार किया है। हनीट्रैप मामले में जमानत पर रिहा हुई महिला की जमानत को रद्द करने के लिए पुलिस कोर्ट में अर्जी पेश की जाएगी। कहा कि घटना में शामिल जेल पुलिस कर्मियों के निलंबन और विभागीय जांच के लिए जेल प्रशासन को लिखा गया है।