हिमाचल में गृह रक्षकों को तोहफा
- फोटो : सोशल मीडिया
हिमाचल सरकार ने प्रदेश के 5,000 से ज्यादा होमगार्डों को बड़ी राहत दी है। इन्हें 1 जनवरी, 2016 से 31 दिसंबर, 2021 तक का एरियर सरकार की ओर से निर्धारित तरीके से नियमित समय में दिया जाएगा। इससे प्रत्येक होमगार्ड को करीब दो लाख रुपये तक फायदा होगा। इसके अलावा इनके मानदेय में प्रति माह 6,234 रुपये की वृद्धि की गई है। मानदेय बढ़ने की अधिसूचना राज्य सरकार ने बुधवार को जारी कर दी। अब इन्हें प्रति माह 26,492 रुपये मानदेय मिलेगा। मानदेय बढ़ाने के निर्णय से प्रदेश सरकार पर हर माह अतिरिक्त करीब तीन करोड़ रुपये का भार पड़ेगा। नए वेतन फार्मूले के अनुसार 20,200 बेसिक पर 31 फीसदी डीए और 30 रुपये धुलाई भत्ता भी शामिल है। यह वृद्धि पुलिस कर्मियों के वेतन-भत्तों के समकक्ष की गई है।
वहीं, प्रदेश के गृह रक्षकों ने सरकार का धन्यवाद करते हुए आभार व्यक्त किया है। माह के 30 दिनों में 30 दिन तथा 31 दिनों के लिए यह वेतन उसी गुणक से देय होगा। यह वृद्धि पुलिस कर्मियों के वेतन/भत्तों के समकक्ष की गई है। गृह रक्षक संघ के प्रवक्ता ने बताया है कि सरकार के इस फैसले से प्रदेश के सभी कर्मी गदगद है। संघ ने मुख्यमंत्री जयराम ठाकुर, मुख्य सचिव, अतिरिक्त मुख्य सचिव वित्त, प्रधान सचिव गृह, एडीजीपी व डीआईजी होम गार्ड्स का भी धन्यवाद किया है।