जी 20 बैठक के लिए धर्मशाला आए विदेशी मेहमानों के सम्मान में प्रदेश सरकार ने एचपीसीए स्टेडियम में गाला डिनर का आयोजन किया। उन्हें हिमाचली परंपरा के अनुरूप प्रदेश सरकार ने सम्मानित किया। कृषि मंत्री प्रो. चंद्र कुमार ने डेलीगेट्स को उपहार भेंट किए। डेलीगेट्स को हिमाचली टोपी-शॉल के अलावा कांगड़ा पेंटिंग्स देकर सम्मानित किया गया। उन्हें पाइन निडल ईयर रिंग्स, किन्नौरी फ्लावर कोस्टर, देव संस्कृति के प्रतीक मोहरों के साथ हिमाचली हस्तशिल्प उत्पाद ट्वीड टोट बैग और जूट मैट उपहार में दिए गए।
इस दौरान पर्यटन विकास निगम के अध्यक्ष आरएस बाली, कांगड़ा-चंबा के सांसद किशन कपूर, मुख्य सचिव प्रबोध सक्सेना और उपायुक्त डॉ. निपुण जिंदल सहित प्रशासनिक अमला उपस्थित रहा। गाला डिनर के दौरान विदेशी मेहमानों को हिमाचल की समृद्ध लोक संस्कृति से भी अवगत करवाया गया। प्रदेश के विभिन्न क्षेत्रों से आए लोक कलाकारों ने नृत्य और संगीत के माध्यम से डेलीगेट्स को हिमाचल की सांस्कृतिक समृद्धि की झलक दिखाई। उन्होंने हिमाचल सरकार की मेहमाननबाजी का आभार जताया। इस अवसर पर कुछ डेलीगेट्स कलाकारों के साथ हिमाचली लोक धुनों में थिरकते हुए भी नजर आए।