कांग्रेस अध्यक्ष प्रतिभा सिंह ने दी होली की बधाई
प्रदेश कांग्रेस अध्यक्ष प्रतिभा सिंह ने भी सीएम के साथ ओकओवर में होली मनाई। इस दाैरान लोक निर्माण मंत्री विक्रमादित्य सिंह भी माैजूद रहे। प्रतिभा सिंह ने रंगों के त्योहार होली उत्सव पर प्रदेशवासियों को शुभकामनाएं दीं। प्रतिभा सिंह ने एक संदेश में उम्मीद जताई है कि रंगों का यह उत्सव हमारी सामाजिक और धार्मिक एकता और आपसी भाईचारे को और मजबूत करेगा।
नेता प्रतिपक्ष जयराम व उपमुख्यमंत्री ने दी होली की बधाई
उप मुख्यमंत्री मुकेश अग्निहोत्री ने प्रदेशवासियों को होली की शुभकामनाएं दी हैं। उन्होंने कहा कि यह त्योहार रंगों, प्यार और खुशी का प्रतीक है। उन्होंने आशा व्यक्त की है कि होली का यह पावन अवसर सभी के जीवन में खुशियां और समृद्धि लेकर आएगा। रंगों का यह त्योहार समाज में प्रेम, सौहार्द और एकता को बढ़ावा देता है और हम सभी को जिम्मेदारी से इस त्योहार को मनाना चाहिए। शिमला के संजाैली में युवा डीजे की धुनों पर झूमे।
नेता प्रतिपक्ष जयराम ठाकुर ने भी समर्थकों एवं भाजपा कार्यकर्ताओं संग होली मनाई। इस दाैरान उन्होंने समर्थकों संग नाटी भी डाली। उन्होंने सभी को होली की शुभकामनाएं दीं। कहा कि आज नशे के खात्मे को लेकर सभी प्रण लें और आगे बढ़ें।
भाजपा प्रदेश अध्यक्ष राजीव बिंदल ने कार्यकर्ताओं संग झांसी पार्क नाहन में मनाई होली
नाऐतिहासिक शहर नाहन में होली का पर्व बड़े हर्षोल्लास के साथ मनाया जा रहा है। शहर में युवा टोलियां बनाकर जगह-जगह घूमकर होली मना रहे हैं। इसी बीच भाजपा के प्रदेश अध्यक्ष डॉ. राजीव बिंदल ने भी नाहन में आम जनता के साथ रानी झांसी पार्क में होली मनाई।
होली के मौके पर शहर में जगह-जगह लोग डीजे व ढोल नगाड़ों की धुनों पर थिरकते नजर आए। राजीव बिंदल ने कहा कि रंगों का त्योहार होली आज पूरे देश भर में हर्षो उल्लास के साथ मनाया जा रहा है। कहीं होली का पर्व एक दिन पहले मनाया जा चुका है तो वहीं अधिकतर क्षेत्रों में आज के दिन होली मनाई जा रही है।
बिलासपुर में लोक गायक अरुण जस्टा ने मचाया धमाल
बिलासपुर जिले में शुक्रवार को होली का पर्व धूमधाम से मनाया गया। बिलासपुर शहर के रोड़ा सेक्टर में होली फेस्ट की धूम रही। फेस्ट में हिमाचली लोक गायक अरुण जस्टा ने धमाल मचाया।
किन्नाैर सांगला घाटी में हर्षोल्लास के साथ मनाया होली उत्सव
किन्नौर जिले की सांगला वैली में तीन दिवसीय होली उत्सव का समापन हुआ। इस मोके पर राजस्व, बागवानी एवं जनजातीय मंत्री जगत सिंह नेगी मौजूद रहे।' देवता श्री बेरिंग नाग के सानिध्य में यह पर्व मनाया जा रहा है। भारी संख्या में पर्यटकों और स्थानीय लोगों ने जमकर होली मनाई। इस दौरान होलिका दहन भी किया गया। इस माैके पर सैकड़ों लोग मौजूद रहे।