संतरा 50 रुपये और अमरूद 80 रुपये किलो तक बिका संवाद न्यूज एजेंसी
शिमला। सर्दियों में सूखे की सबसे ज्यादा मार टमाटर पर पड़ रही है। लोअर बाजार स्थित सब्जी मंडी में टमाटर 80 रुपये किलो तक बिक रहा है। सब्जियों और फलों के दामों में लोगों को राहत जरूर मिली है। मटर 80 रुपये किलो तक बिक रहा है।
महिलाओं को अब तड़के में टमाटर का इस्तेमाल सोच समझ कर करना पड़ रहा है। बीते दिनों सब्जी मंडी में टमाटर 100 रुपये किलो तक बिक रहा था। इसके बाद दाम घटकर 40 रुपये किलो तक पहुंच गए थे लेकिन अब फिर से टमाटर महंगा होने लगा है। टमाटर के अलावा बाजार में अन्य सब्जियों और फलों के दामों में लोगों को कुछ राहत मिली है। बाजार में इस समय बंदगोभी 30 रुपये, जुगनी कद्दू 30, मटर 80, फ्रासबीन 40, घीया 40, फूल गोभी 30 और शिमला मिर्च 60 रुपये किलो तक बिक रही है।
सब्जी मंडी में सर्दियों का फल संतरा 50 रुपये किलो के हिसाब से बिक रहा है। इसके साथ ही अमरूद 80, किन्नू 70, किवी 160 से 140, रॉयल सेब 80 से 100 रुपये और गोल्डन सेब 70 से 100 रुपये किलो मिल रहा है। केला 80 से 100 रुपये दर्जन, चीकु 120 रुपये किलो के हिसाब से बिक रहा है। सब्जी मंडी के प्रधान विश्वेश्वनाथ शर्मा ने बताया कि टमाटर की आपूर्ति बंगलूरू से आ रही है और लोकल सब्जियां कम हैं। उन्होंने बताया कि जब तक सब्जियों की आपूर्ति नहीं बढ़ती दामों में कमी आना मुश्किल है। उन्होंने कहा कि अन्य सब्जियों और फलों की सप्लाई अच्छी आ रही है, इसलिए कुछ समय तक दाम सामान्य ही रहेंगे।