मुख्यमंत्री जयराम ठाकुर के विधानसभा हलके के लोगों की समस्याएं अब चुटकी में हल हो सकेंगी, क्योंकि लोगों की समस्याओं के समाधान के लिए सचिवालय में अलग सेल खोल दिया गया है।
अब सिराज विधानसभा क्षेत्र के लोग सचिवालय के 106 नंबर कमरे में जाकर विभागीय और विभिन्न योजनाओं से संबंधित अपने काम करवा सकेंगे। लोगों की समस्याओं का समाधान करने के लिए कार्मिक विभाग की ओर से इस सेल में एचएएस अधिकारी नरेश कुमार की भी तैनाती की गई है।
मंगलवार को अधिकारी ड्यूटी ज्वाइन कर सकते हैं। इसके अलावा मुख्यमंत्री ने मंडी जिले के लोगों की समस्याओं का निपटारा करने के लिए डीसी ऑफिस में सेल खुलवा दिया है।
मुख्यमंत्री समय-समय पर इस सेल में जाकर जनता के कार्यों की भी समीक्षा करेंगे। इससे पहले हिमाचल में जब कांग्रेस सरकार थी, उस दौरान भी पूर्व मुख्यमंत्री वीरभद्र सिंह ने सचिवालय में शिमला ग्रामीण विधानसभा क्षेत्र के लिए सेल खोला था।
पूर्व में धूमल सरकार के कार्यकाल के दौरान भी विशेष सेल के माध्यम से लोगों की समस्याओं का निपटारा किया जाता था। अब मुख्यमंत्री जयराम ठाकुर ने भी अपने विधानसभा और जिला के लोगों के लिए दो-दो सेल खोले हैं।