हिमाचल परिवहन सेवानिवृत्त कर्मचारी कल्याण मंच के प्रदेशाध्यक्ष बलराम पुरी ने कहा है कि मुख्यमंत्री के आश्वासन पर विधानसभा सत्र में किए जाने वाले प्रदर्शन को टाल दिया है। मंच को उम्मीद जगी है कि उनकी मांगें जल्द पूरी हो जाएंगी। उन्होंने कहा कि मांगों को लेकर मुख्यमंत्री को मांगपत्र प्रेषित किया था, जिसमें मानसून सत्र से पहले मांगों को पूरा करने की गुहार लगाई गई थी और साथ ही चेतावनी भी दी गई थी कि यदि ऐसा नहीं होता है तो मंच सत्र के दौरान धरना प्रदर्शन करने के साथ घेराव करेगा। उन्होंने कहा कि मुख्यमंत्री से एक पत्र प्राप्त हुआ है, जिसमें उन्होंने कहा है कि मंच की मांगें सरकार के विचाराधीन हैं और सरकार गंभीरता से विचार कर रही है। इसलिए प्रदर्शन को टाल दें।
मुख्यमंत्री के आश्वासन पर फिलहाल प्रदर्शन टाल दिया गया है। लेकिन यदि जल्द सरकार की ओर कार्रवाई नहीं होती है तो भविष्य में मंच धरने प्रदर्शन से पीछे नहीं हटेगा। उन्होंने कहा कि एचआरटीसी से सेवानिवृत्त कर्मचारियों के पेंशन के स्थायी समाधान व वित्तीय लाभ जो वर्ष 2015 से लंवित चले आ रहे हैं। इनमें महंगाई भत्ते का एरियर, अंतरिम राहत का एरियर, ग्रेज्युटी, पेंशन एरियर सहित अन्य वित्तीय लाभ शामिल है। इस मौके पर महासचिव बीर सिंह चौहान, ओमराज, रविंकात शर्मा, किशोरी लाल, हरनाम सिंह जरयाल, राजकुमार, सरूप चंद, अश्वनी कुमार मौजूद रहे।