राष्ट्रपति की ओर से जारी आदेशानुसार हिमाचल हाईकोर्ट के अतिरिक्त न्यायाधीश संदीप शर्मा और न्यायाधीश सीबी बारोवालिया को हाईकोर्ट का स्थायी न्यायाधीश नियुक्त किया गया है। 6 मार्च को हिमाचल हाईकोर्ट कॉलिजियम ने दोनों न्यायाधीशों को स्थायी जज नियुक्त करने की सिफारिश की थी। इसे राज्यपाल और मुख्यमंत्री ने भी स्वीकार किया था।
4 दिसंबर को हुई सुप्रीमकोर्ट कॉलिजियम की बैठक में इन्हें हाईकोर्ट का स्थायी न्यायाधीश नियुक्त करने की सिफारिश की गई थी। न्यायाधीश संदीप शर्मा को वर्ष 2015 में हाईकोर्ट द्वारा वरिष्ठ अधिवक्ता नियुक्त किया गया था। वे ऊना जिले से संबंध रखते हैं। 10 वर्षों तक असिस्टेंट सॉलिसिटर जनरल के पद पर कार्यरत रहे।
सीबीआई, यूजीसी, बीएसएनएल, सेंट्रल एक्साइज और ईपीएफ के स्टैंडिंग काउंसल भी रहे। न्यायाधीश सीबी बारोवालिया अतिरिक्त न्यायाधीश नियुक्त होने से पहले हाईकोर्ट में रजिस्ट्रार के पद पर तैनात रहे। लंबे समय तक हाईकोर्ट, प्रशासनिक ट्रिब्यूनल और शिमला के अधीनस्थ न्यायालयों में वकालत करने के बाद इन्हें अतिरिक्त जिला न्यायाधीश नियुक्त किया गया था।
इसके बाद इन्होंने जिला एवं सत्र न्यायाधीश धर्मशाला और सोलन के पद पर कार्य किया। दोनों न्यायाधीशों ने पिछले साल 12 अप्रैल को हिमाचल हाईकोर्ट में बतौर अतिरिक्त न्यायाधीश के पद की शपथ ली थी। दोनों न्यायाधीश 8 जनवरी को हाईकोर्ट के बतौर स्थायी जज शपथ लेंगे। कार्यवाहक मुख्य न्यायाधीश संजय करोल इन्हें शपथ दिलाएंगे।