अंतरराष्ट्रीय क्रिकेटर ऋषि धवन का दूसरी बार टीम इंडिया में चयन हुआ है। जिम्बाब्बे दौरे के लिए वन-डे, टी-20 सीरीज के लिए ऋषि का भारतीय टीम में चयन होने से उनके प्रशंसकों में खुशी की लहर है।
इससे पहले ऋषि धवन का ऑस्ट्रेलिया दौरे पर टीम इंडिया में पहली बार चयन हुआ था। मंडी के स्कूल बाजार से संबंध रखने वाले आलराउंडर ऋषि धवन को एक बार फिर टीम इंडिया में अपनी परफारमेंस दिखाने का मौका मिला है।
जिम्बाब्बे दौरे पर वन-डे सीरीज के लिए जा रही इंडिया टीम में चयनकर्ता में ऋषि को मौका दिया है। आईपीएल-9 में ऋषि धवन किंग्स इलेवन पंजाब की ओर से खेल रहे हैं, लेकिन अभी तक आईपीएल मैचों में उन्हें अपनी परफारमेंस दिखाने का मौका नहीं मिला।
चयनकर्ताओं ने उन्हें दूसरी बार टीम इंडिया से खेलने का मौका दिया। जिम्बाब्बे के साथ इंडिया टीम तीन वन-डे मैच और तीन टी-20 मैच खेलेगी। ऋषि धवन ने ‘अमर उजाला’ को बताया कि उन्हें सोशल मीडिया के माध्यम से जिम्बाब्बे दौरे के लिए इंडिया टीम में चयन होने के बारे में पता लगा है।
उन्होंने कहा कि जिम्बाब्बे दौर पर बेहतर परफारमेंस के लिए पूरा प्रयास करेंगे। प्रशंसक जो उम्मीद मुझसे रखते हैं, उस पर खरा उतरने के लिए प्रयास करूंगा। ऋषि धवन इन दिनों अपने घर मंडी आए हैं। ऋषि धवन के चयन पर पिता आरपी धवन और माता शैली धवन बेहद खुश हैं।