हिमाचल की 16 बेटियां दिखाएंगी क्रिकेट में दम!
- फोटो : अमर उजाला नेटवर्क
हिमाचल प्रदेश की युवा महिला क्रिकेट प्रतिभाओं को राष्ट्रीय स्तर पर अपनी क्षमता साबित करने का अवसर मिलने जा रहा है। बीसीसीआई की महिला अंडर-23 टी-20 एलीट ट्रॉफी 2026-27 के लिए हिमाचल प्रदेश क्रिकेट एसोसिएशन (एचपीसीए) ने 16 सदस्यीय टीम का चयन किया है। टीम की अगुवाई अंशिका ठाकुर करेंगी।
प्रतियोगिता के सभी लीग मुकाबले गुजरात के राजकोट में आयोजित किए जाएंगे। हिमाचल की टीम 14 नवंबर को ओडिशा के खिलाफ मैदान में उतरकर अपने अभियान की शुरुआत करेगी। इसके बाद टीम को मुंबई, त्रिपुरा, असम और आंध्र प्रदेश के खिलाफ मुकाबले खेलने हैं।
प्रदेश के अलग-अलग जिलों की खिलाड़ियों को मौका
चयनित टीम में हिमाचल के विभिन्न जिलों की खिलाड़ियों को शामिल किया गया है। बिलासपुर से इशानी दास और खुशी चौहान, चंबा से हिमानी शर्मा और तवीश बाला, हमीरपुर से सुहाना सैनी, कांगड़ा से अहाना शर्मा और धन्या लक्ष्मी को जगह मिली है। इसी तरह कुल्लू से कप्तान अंशिका ठाकुर, मंडी से साक्षी, शिमला से अनाहिता दिग्विजय सिंह, अनशिका सिंह सैनी, देवांशी वर्मा और मनीषा, सिरमौर से पारखी ठाकुर, सोलन से कनुप्रिया और ऊना से अनशिता सैंडल टीम का हिस्सा होंगी।