हिमाचल की महिला टीम नेशनल कबड्डी चैंपियन बन गई है। 35 साल बाद टीम फाइनल में पहुंची और चैंपियन बनने का मौका हाथ से नहीं जाने दिया। फाइनल में हिमाचल की बेटियों ने लगभग एकतरफा मुकाबले में रेलवे की टीम को 38-25 से हरा दिया। इससे पहले सेमीफाइनल में हिमाचल की टीम ने खिताब की प्रबल दावेदार मानी जा रही हरियाणा की टीम को 30-20 अंकों से हराकर फाइनल में स्थान पक्का किया।
65वीं सीनियर नेशनल कबड्डी में हिमाचल की टीम ने शुरूआत से दबदबा कायम रखा। रेलवे की टीम को 13 अंकों से हराकर खिताब को अपने नाम किया। फेडरेशन कप जीतने के बाद हिमाचल की महिला टीम अब नेशनल चैंपियन बन गई है। लगभग 35 साल बाद हिमाचल की महिला टीम सीनियर नेशनल के फाइनल पहुंची।
फाइनल मुकाबले में हिमाचल की सभी खिलाड़ियों ने शानदार प्रदर्शन किया। मैच में रेलवे की टीम हिमाचल पर एक बार भी बढ़त नहीं बना पाई। इससे पहले सेमीफाइनल मुकाबले में हिमाचल की बेटियों ने हरियाणा को 30-25 अंक से हराकर फाइनल में प्रवेश किया और हरियाणा के हाथों हिमाचल की पुरुष टीम को मिली हार का बदला भी ले लिया। हिमाचल की पुरुष टीम को हरियाणा ने प्री- क्वार्टर फाइनल में हराया था।
टीम के कोच रत्न लाल ठाकुर ने कहा कि हिमाचल की महिला टीम ने सेमीफाइनल और फाइनल मुकाबले में शानदार प्रदर्शन किया। टीम की कप्तान पूजा ठाकुर, सारिका, ज्योति, निर्मला, भावना, प्रियंका, कविता सहित सभी खिलाड़ियों ने दमदार खेल दिखाते हुए खिताब को अपने नाम किया।
फाइनल में कुल्लू की कविता चमकीं
कबड्डी एसोसिएशन कुल्लू के अध्यक्ष वेद राम ठाकुर ने कहा कि हैदराबाद में हुई प्रतियोगिता में जिले की जगतसुख की रहने वाली अंतरराष्ट्रीय कबड्डी खिलाड़ी कविता ठाकुर ने भी शानदार प्रदर्शन किया है। उन्होंने फाइनल मैच में उम्दा प्रदर्शन करते हुए अपनी टीम को कई अंक बटोरे और जीत में अहम भूमिका निभाई। उन्होंने जीत के लिए टीम को बधाई दी।