पांच से आठ अप्रैल तक अमृतसर में होने वाले फेडरेशन कप के लिए हिमाचल की महिला हैंडबाल टीम और एक भारत, श्रेष्ठ भारत प्रतियोगिता के लिए पुरुष वर्ग में 10 खिलाड़ियों का चयन किया गया।
प्रदेश हैंडबाल संघ के महासचिव नंदकिशोर शर्मा और मीडिया प्रभारी कर्ण चंदेल ने बताया कि चयन प्रक्रिया में प्रदेश की 28 महिला खिलाड़ियों ने भाग लिया। अनुभवी राष्ट्रीय खिलाड़ियों और कोच ने प्रशिक्षण शिविर के लिए टीम का चयन किया।
सेलेक्शन कमेटी में राष्ट्रीय हैंडबाल खिलाड़ी संजय कौशल, अंशुल शर्मा और कोच अशोक गौतम शामिल रहे। चयनित खिलाड़ियों का प्रशिक्षण शिविर 24 मार्च से 3 अप्रैल तक मोरसिंघी हैंडबाल नर्सरी में होगा।
चयन प्रक्रिया में बिलासपुर के अलावा कांगड़ा, शिमला, सोलन, मंडी, सिरमौर और चंबा की महिला हैंडबाल खिलाड़ियों ने हिस्सा लिया। टीम की घोषणा 20 मार्च को होगी।
इसके अलावा एक भारत, श्रेष्ठ भारत के लिए हुई चयन प्रक्रिया में स्पोर्ट्स हॉस्टल बिलासपुर और ऊना के पुरुष खिलाड़ियों ने भाग लिया। इनका चयन अनुभवी हैंडबाल कोच अशोक गौतम, मनोज ठाकुर और वीरेंद्र शर्मा ने किया।
नंदकिशोर ने बताया कि एक भारत, श्रेष्ठ भारत के लिए पुरुष वर्ग में स्पोर्ट्स हॉस्टल से अभिषेक और आदर्श, ऊना से राजेंद्र, साहिल, सिद्धार्थ, अनिल, पंकज, जगदीश तथा बिलासपुर से अजय और अक्षय को 10 सदस्यीय टीम में जगह दी गई है।
चयनित खिलाड़ी 25 मार्च को दिल्ली में रिपोर्ट करेंगे। इस दौरान हैंडबाल संघ के प्रदेश उपाध्यक्ष आशीष ढिल्लो, डॉ. प्रवेश शर्मा, सीईओ स्नेहलता, सुशील कुमार, प्रेम कुमार, वरुण, रिंपी, प्रवेश राणा, दिलवर और इंद्र सिंह मौजूद रहे।