हिमाचल प्रदेश विधानसभा के शीत सत्र के तीसरे दिन दो विनियोग विधेयक ध्वनिमत से पारित किए गए। इसमें से एक विधेयक वित्तीय वर्ष 2011-12 के बजट को पारित करने के लिए पेश किया गया, जबकि दूसरा विधेयक वित्तीय वर्ष 2012-13 के बजट पारित के लिए सदन में प्रस्तुत किया गया।
मुख्यमंत्री जयराम ठाकुर ने दो विनियोग विधेयकों को पारित करने का प्रस्ताव रखा, जिसे सदन ने ध्वनिमत से मंजूरी दे दी। इस विधेयकों पर कांग्रेस विधायक जगत सिंह नेगी ने पूछा कि अब तक इनके पारित करने में देरी क्यों हुई। इस पर मुख्यमंत्री ने बताया कि लोक लेखा समिति ने इस बारे अभी स्वीकृति दी है।
दूसरे प्रदेशों में निजी क्षेत्र में सेवाएं दे रहे हिमाचली के बच्चों को मेडिकल और डेंटल कॉलेजों में दाखिला लेने के लिए कोटा निर्धारित किया जा सकता है। यह कोटा एनईईटी की वरियता सूची के आधार पर तय किया जाएगा। इस मामले पर सरकार विचार कर रही है। यह जानकारी सुजानपुर के कांग्रेस विधायक राजेंद्र राणा के प्रश्न के लिखित जवाब में स्वास्थ्य मंत्री विपिन सिंह परमार ने दी।
राणा ने प्रश्न पूछा कि रोजगार के लिए हिमाचल से बाहर सेवाएं दे रहे लोगों को एनईईटी में प्रदेश के कोटे के तहत परीक्षा में बैठने की अनुमति नहीं है, क्या यह सही है। इसके जवाब में स्वास्थ्य मंत्री ने स्पष्ट किया कि ऐसा नहीं है। वे विभिन्न शर्तों के तहत प्रदेश के कॉलेजों में दाखिला ले सकते हैं। उन्होंने कहा कि बोनाफाइड हिमाचलियों के ऐसे बच्चों को राज्य कोटे की सीटों की पात्रता के लिए बिना किसी शर्त के स्कूली शिक्षा में छूट है।
पिछले तीन साल में बनी 374 सड़कों व 32 पुलों की डीपीआर
हिमाचल प्रदेश में विधायक प्राथमिकता के तहत पिछले तीन साल में सड़कों की 374 और 32 पुलों की डीपीआर बनाई गई है। यह लिखित जानकारी मुख्यमंत्री जयराम ठाकुर ने रामपुर के कांग्रेस विधायक नंदलाल के सवाल के जवाब में दी।
हिमाचल प्रदेश में वित्तीय वर्ष 2019-20 में 15 नवंबर तक पिछले साल की तुलना में पौधारोपण की सफलता दर बढ़ी है। 76 प्रतिशत से बढ़कर 94 प्रतिशत पहुंची है। वन विभाग पौध की समय-समय पर देखभाल कर रहा है। यह जानकारी रामपुर के विधायक नंदलाल के सवाल के जवाब में वन मंत्री गोबिंद ठाकुर ने लिखित रूप में दी।
हाईकोर्ट में फौजदारी व दीवानी के 42006 मामले लंबित
हिमाचल हाईकोर्ट में फौजदारी और दीवानी के कुल 42006 मामले 31 अक्तूबर 2019 तक लंबित थे। यह लिखित सूचना मुख्यमंत्री जयराम ठाकुर ने किन्नौर के विधायक जगत सिंह नेगी के सवाल के जवाब में दी।