हिमाचल प्रदेश में छह दिनों तक मौसम शुष्क रहने के आसार हैं। मौसम विज्ञान केंद्र शिमला के अनुसार प्रदेश में 14 से 19 अक्तूबर तक मौसम साफ रहने की संभावना है। धूप खिलने से तापमान में भी बढ़ोतरी की संभावना है। वहीं, गुरुवार को राजधानी शिमला समेत अन्य भागों में धूप खिलने के साथ हल्के बादल भी छाए रहे। उधर, सामरिक मार्ग मनाली-लेह तीन दिन बाद यातायात के लिए बहाल हो गया है। मनाली-लेह मार्ग बारालाचा दर्रा पर भारी बर्फबारी होने के कारण यातायात के लिए बंद हो गया था। गुरुवार को यह मार्ग बहाल हो गया है। वहीं, दारचा-शिंकुला मार्ग पर भी वाहनों की आवाजाही शुरू कर दी गई है। हालांकि, सड़क पर बर्फ जमने से फिसलन का खतरा होने के कारण सुबह 9:00 से दोपहर 3:00 बजे के मध्य ही इस मार्ग पर वाहन चल सकेंगे। दो दिनों से दारचा के पास रुके वाहनों को लेह के लिए छोड़ा गया है। इसमें सीमा पर तैनात सेना के लिए पेट्रोल व डीजल के टेंकर भी शामिल थे। दूसरी तरफ लेह के सरचू से वाहनों को मनाली के लिए रवाना किया। गौरतलब है कि दो दिन तक मौसम खराब रहने के कारण बारालाचा, शिंकुला और रोहतांग दर्रा में बर्फबारी हुई है। जिसके कारण तीनों दर्रा यातायात के लिए बंद हो गए थे। रोहतांग दर्रा बुधवार को बहाल कर दिया गया था । लेकिन आज भी राहनी नाला के समीप भूस्खलन के कारण करीब दो घंटे इस मार्ग पर वाहन नहीं चल सके। लाहौल-स्पीति प्रशासन के जिला आपदा प्रबंधन ने इसकी सूचना जारी की है।
ग्रांफू-काजा-समदो मार्ग छोटे वाहनों के लिए बहाल
सामरिक दृष्टि से महत्वपूर्ण एनएच-505 ग्रांफू-काजा-समदो मार्ग गुरुवार दोपहर बाद छोटे वाहनों की आवाजाही के लिए बहाल हो गया है। हालांकि, मार्ग में बड़े वाहनों के लिए अभी थोड़ा और इंतजार करना पड़ेगा। बीआरओ से मिली जानकारी के अनुसार ग्रांफू-लोसर-काजा मार्ग में बाइक और ट्रक को छोड़कर सभी हल्के वाहन जा सकते हैं। सभी वाहनों को कोकसर और लोसर बैरियर में सुबह नौ से शाम तीन बजे तक ही पार करने की अनुमति होगी। बीते दो दिन तक कुंजम दर्रा पर बर्फबारी होने से सड़क पर फिसलन हो गई है। ऐसे में बाइक सवारों को भी फिलहाल काजा जाने की अनुमति नहीं होगी। भारी वाहनों को भी सड़क के दुरुस्त होने तक नहीं छोड़ा जाएगा। मनाली-लेह मार्ग में दारचा-शिंकुला सड़क के बीच भी सुबह नौ से तीन बजे तक सभी प्रकार के वाहनों के लिए आवाजाही होगी। घाटी में बर्फबारी का दौर थमने के बाद लोक निर्माण विभाग लोसर डिविजन के सुपरवाइजर तंजिन शरप की अगुवाई में मजदूरों ने बातल में नौ बाइकर्स और चंद्रताल में छह पर्यटकों को रास्ता बनाकर पार करवाया।
कोकसर स्थित पुलिस सहायता केंद्र के प्रभारी एएसआई ओम प्रकाश ने कहा कि ग्रांफू-काजा मार्ग पर केवल छोटे वाहन सुबह नौ से सांय तीन बजे तक ही कोकसर और लोसर बैरियर से आरपार कर सकते हैं।
कहां कितनी बारिश
नयनादेवी में 66, संगड़ाह 60, पांवटा 22, कसौली 17, बंजार 9, जंजैहली 7, सराहन 6, सुंदरनगर 5, कुफरी, शिमला- 3 और डलहौजी-2 और सोलन में 1 मिलीमीटर बारिश दर्ज की गई है।
न्यूनतम तापमान
शिमला में न्यूनतम तापमान 11.0, सुंदरनगर 10.7, भुंतर 9.3, कल्पा 3.4, धर्मशाला 13.2, ऊना 15.7, नाहन 16.6, केलांग 1.9, पालमपुर 11.0, सोलन 9.9, मनाली 7.8, कांगड़ा 13.8, मंडी 12.7, बिलासपुर 15.0, हमीरपुर 12.8, चंबा 11.6, डलहौजी 11.6, कुफरी 8.3, पांवटा साहिब 22.0 और रिकांगपिओ में 6.9 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया।
अधिकतम तापमान
डलहौजी में अधिकतम तापमान 18.2, चंबा 27.1, केलांग 13.3, कांगड़ा 28, पालमपुर 23.6, भुंतर 27.4, कल्पा 18.6, रिकांगपिओ 21.6, बिलासपुर 31, शिमला 21, कुफरी 16.1 और नाहन में 28.1 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया।