हिमाचल प्रदेश में मौसम बदलते ही सोमवार को रोहतांग सहित ऊंची चोटियों पर ताजा बर्फबारी हुई। मैदानी जिलों में दिन भर धुंध छाई रही। राजधानी शिमला सहित प्रदेश के कई क्षेत्रों में सोमवार को बादल छाए रहे। पश्चिमी विक्षोभ की सक्रियता से प्रदेश के कई क्षेत्रों में मंगलवार से बारिश और बर्फबारी का पूर्वानुमान है। 21 जनवरी तक प्रदेश में मौसम खराब बना रहने की संभावना है। सोमवार को बादल छाए रहने से प्रदेश के अधिकतम तापमान में कमी दर्ज हुई। सोमवार को सोलन में अधिकतम तापमान 21.5, बिलासपुर 14.5, हमीरपुर 14.3, भुंतर 14.2, धर्मशाला 14.0, शिमला 13.4, चंबा 13.0, नाहन 10.8, कांगड़ा 10.5, डलहौजी 9.5, कल्पा 5.8 और केलांग में 1.0 डिग्री सेल्सियस रिकॉर्ड हुआ। सोमवार को कुंजुम दर्रा के साथ बारालाचा, मकवरे, शिकवरे, हनुमान टिब्बा, सेवन सिस्टर पीक में भी बर्फबारी हुई। धौलाधार की पहाड़ियों परभी ताजा बर्फबारी हुई। पहाड़ों पर बर्फबारी से मौसम में ठंडक बढ़ गई है। मैदानी जिलों ऊना, बिलासपुर, हमीरपुर और कांगड़ा के कई क्षेत्रों में सोमवार को दोपहर तक धुंध छाई रही।
वहीं, जिला कांगड़ा में सोमवार को पूरा दिन धुंध के कारण गगल हवाई अड्डे के लिए दिल्ली से एक भी फ्लाइट नहीं आई। सोमवार को धुंध अधिक होने का असर विमान सेवाओं पर पड़ा। सोमवार को खराब मौसम के चलते गगल एयरपोर्ट की सभी फ्लाइटों को रद्द करना पड़ा। न सुबह नौ बजे एयर इंडिया और दोपहर एक बजे वाले स्पाइस जेट के विमान गगल नहीं आ पाए। गगल एयरपोर्ट के निदेशक अमित जिंदल और यातायात प्रभारी गौरव ने बताया कि न तो स्पाइसजेट का कोई विमान आया है और न ही एयर इंडिया का विमान दिल्ली से गगल एयरपोर्ट पर आया है। आगे भी मौसम खराब के कारण विमान सेवाएं रद्द हो सकती हैं।