हिमाचल प्रदेश में येलो अलर्ट के बीच गुरुवार को बर्फबारी, बारिश और ओलावृष्टि से दुश्वारियां बढ़ गई हैं। अटल टनल बंद हो गई है जबकि फसलों को भी भारी नुकसान हुआ है। भरमौर-पठानकोट नेशनल हाईवे वीरवार को ठप रहा। धरवाला के पास रावी नदी में 15 मीटर लंबा डंगा समा गया। भूस्खलन से सात घंटे कुल्लू-आनी एनएच भी बाधित रहा। मंडी में बारिश के चलते वीरवार दोपहर करीब 12 बजे मंडी बाईपास पर पहाड़ी से चट्टानें गिरने से चंडीगढ़-मनाली एनएच करीब एक घंटा बाधित रहा।
इस दौरान मंडी बस स्टैंड से लेकर पुलघराट तक एनएएच पर लंबा जाम लग गया। बर्फबारी के कारण जिला चंबा की ग्राम पंचायत करैल के पुंटों गांव में फलदार पौधों और पेड़ों से फूल गिरने से दर्जन भर बागवानों के बगीचों को नुकसान पहुंचा है। चुराह विधानसभा क्षेत्र के झज्जाकोठी के पास पहाड़ी से गिरे पत्थरों से एंबुलेंस सड़क पर पलट गई। चंबा के हरदासपुरा वार्ड में मुगला मोहल्ला में निकासी नाली का पानी लोगों के घरों में पहुंचने से सामान को नुकसान पहुंचा है।
अटल टनल रोहतांग, किन्नौर, कुल्लू के जलोड़ी जोत और पांगी-भरमौर की चोटियों पर ताजा बर्फबारी हुई है। राजधानी शिमला में झमाझम बादल बरसे। राजधानी शिमला में दोपहर को अंधेरा छा गया। मौसम विज्ञान केंद्र शिमला ने शुक्रवार को भी प्रदेश में बारिश, बर्फबारी और ओलावृष्टि का येलो अलर्ट जारी किया है। एक मई तक मौसम खराब रहने का पूर्वानुमान है। बारिश से जिला सोलन के मैदानी क्षेत्रों में गेहूं की फसल को नुकसान पहुंचा है।
बारिश मिलीमीटर में
चंबा 36
कांगड़ा 30
सुंदरनगर 26
भुंतर 20
मनाली 16
मंडी 11