हिमाचल प्रदेश की राजधानी शिमला और ऊना में मंगलवार को बादल बरसे। प्रदेश के कुछ अन्य क्षेत्रों में बूंदाबांदी हुई, कई जगह बादल ही छाए रहे। मंगलवार शाम तक प्रदेश में आठ सड़कें, छह पेयजल योजनाएं और चार बिजली ट्रांसफार्मर ठप रहे। 11 मकान और छह गोशालाएं क्षतिग्रस्त हुई हैं। चौपाल की बमटा ग्राम पंचायत में भारी बारिश से बाढ़ आ गई। ग्रामीणों के सेब के बगीचों में मलबा घुसने से काफी नुकसान भी हुआ है। बुधवार को भी प्रदेश के कई क्षेत्रों में बारिश के आसार हैं। प्रदेश में लगातार चार दिन 26 से 29 जुलाई तक भारी बारिश का ऑरेंज-येलो अलर्ट जारी किया है। 28 और 29 जुलाई को हिमाचल प्रदेश में भारी बारिश का ऑरेंज अलर्ट जारी किया गया है।
लोगों से नदी-नालों के नजदीक नहीं जाने की अपील की गई है। पूरे प्रदेश में 1 अगस्त तक मौसम खराब बना रहने की संभावना है। कुल्लू जिला प्रशासन ने अलर्ट जारी कर पर्यटकों को एहतियात के तौर पर नदी-नालों के पास न जाने की हिदायत दी है। प्रशासन ने ब्यास, सरवरी नदी के अलावा नालों के साथ रहने वाले प्रवासी व आम लोगों को भी खतरे वाली जगहों पर न जाने की हिदायत दी है। प्रशासन ने बारिश के दौरान किसी भी घटना से निपटने के लिए आपदा प्रबंधन टीम को सतर्क रहने को कहा है।
मंगलवार शाम तक कुल्लू में पांच और बिलासपुर-कांगड़ा-मंडी में एक-एक सड़क पर वाहनों की आवाजाही बंद रही। चंबा में चार और बिलासपुर में दो पेयजल योजनाएं प्रभावित रहीं। कुल्लू में दो, मंडी-चंबा में एक-एक बिजली ट्रांसफार्मर ठप रहा। शिमला में तीन, बिलासपुर में दो, मंडी-हमीरपुर में एक-एक पक्का मकान क्षतिग्रस्त हुआ है। इसके अलावा शिमला में तीन और मंडी में एक कच्चा मकान भी क्षतिग्रस्त हुआ है। बिलासपुर में तीन, चंबा-शिमला-ऊना में एक-एक गोशाला भी क्षतिग्रस्त हुई है। बरसात से अभी तक प्रदेश में 45, 005 लाख रुपये की संपत्ति का नुकसान हुआ है।
कहां कितनी बारिश
क्षेत्र बारिश (मिलीमीटर में)
ऊना 33
शिमला 30
नारकंडा 19
मनाली 14
सोलन 9
कहां कितना तापमान (डिग्री सेल्सियस में)
क्षेत्र अधिकतम न्यूनतम
ऊना 33.0 24.4
बिलासपुर 31.5 24.5
चंबा 31.0 21.9
कांगड़ा 30.3 23.0
धर्मशाला 29.0 20.2
नाहन 28.0 23.8
सोलन 26.5 19.6
हमीरपुर 25.0 22.5
कल्पा 22.3 14.6
शिमला 21.8 16.1