हिमाचल प्रदेश के उच्च पर्वतीय क्षेत्रों रोहतांग सहित भरमौर-पांगी की चोटियों और किलाड़ में शुक्रवार को ताजा बर्फबारी हुई। प्रदेश के अन्य क्षेत्रों में मौसम साफ रहा। शुक्रवार को अधिकतम तापमान में सामान्य से छह डिग्री की बढ़ोतरी दर्ज हुई। मौसम विज्ञान केंद्र शिमला ने शनिवार को मध्य पर्वतीय जिलों शिमला, सोलन, सिरमौर, मंडी, कुल्लू और चंबा तथा मैदानी जिलों ऊना, बिलासपुर, हमीरपुर और कांगड़ा के कई क्षेत्रों में बारिश, अंधड़ और ओलावृष्टि का येलो अलर्ट जारी हुआ है। 28 फरवरी से पूरे प्रदेश में मौसम साफ रहने का पूर्वानुमान है। शुक्रवार को ऊना में अधिकतम तापमान 32.6, बिलासपुर में 31.0, हमीरपुर में 30.8, मंडी में 30.0, सुंदरनगर में 29.3, सोलन-कांगड़ा में 28.5, नाहन में 27.4, भुंतर में 26.2, चंबा में 23.5, धर्मशाला में 22.4, शिमला में 20.4, कल्पा में 15.4, डलहौजी में 11.8 और केलांग में 2.6 डिग्री सेल्सियस दर्ज हुआ। उधर, शुक्रवार को भरमौर-पांगी की ऊपरी चोटियों में हल्की बर्फबारी होने से जिला चंबा शीतलहर की चपेट में आ गया है।