हिमाचल प्रदेश के निचले व मैदानी भागों में आठ जून तक मौसम साफ रहने का पूर्वानुमान है। मौसम विज्ञान केंद्र शिमला के अनुसार राज्य के मध्य पर्वतीय भागों में दो से पांच जून तक बारिश व अंधड़ के आसार हैं। वहीं, उच्च पर्वतीय भागों कुछ भागों में चार जून तक बारिश व हल्की बर्फबारी की संभावना है। इसके बाद इन भागों में मौसम साफ रहेगा। उधर, बुधवार को राजधानी शिमला में दोपहर बाद हल्की बारिश शुरू हुई।
विज्ञापन
प्रदेश के कांगड़ा, मंडी, शिमला और सिरमौर जिले के कुछ भागों में आज अंधड़- आकाशीय बिजली का येलो अलर्ट जारी हुआ है। बता दें बीते दिनों से प्रदेश में बिगड़े मौसम से प्लम, चेरी, शकरपारा, खुमानी का तुड़ान रुक गया। ऊपरी शिमला में सोमवार को हुई ओलावृष्टि से सेब की फसल को कई जगह भारी नुकसान हुआ। 10 से 15 मिनट में ही किसानों की तीन से चार माह की मेहनत बर्बाद हो गई। उधर, प्रदेश में 10 जून से प्री मानसून की बौछारें पड़ने की संभावना है। 25 जून तक हिमाचल में मानसून के भी दस्तक देने का पूर्वानुमान है।