किन्नौर में सतलुज का जलस्तर बढ़ने से पोवारी परियोजना का काम ठप हो गया है। बारिश एवं भूस्खलन के कारण एनएच समेत प्रदेश भर में कई सड़कें अवरुद्ध हो गई हैं। खराब मौसम के चलते मंगलवार को भी शिमला से कोई उड़ान नहीं हो सकी है। कांगड़ा हवाई अड्डे से दो ही उड़ानें हो सकीं। इसमें इंडिगो एयरलाइंस की एक फ्लाइट दिल्ली और एक चंडीगढ़ की शामिल रही। मौसम विभाग ने बुधवार को भी कई क्षेत्रों में भारी बारिश की चेतावनी देते हुए ऑरेंज अलर्ट, जबकि वीरवार और शुक्रवार के लिए येलो अलर्ट जारी किया गया है।
सोमवार रात और मंगलवार को कांगड़ा, मंडी, बिलासपुर, हमीरपुर, शिमला और सिरमौर जिलों के कई इलाकों में भारी बारिश हुई। कांगड़ा के पालमपुर व धर्मशाला में पानी की पांच स्कीमों को नुकसान पहुंचा है। मंडी में मंगलवार को निर्माणाधीन हाईवे मंडी-पधर और मंडी वाया धर्मपुर पर कीचड़ होने से यातायात बाधित रहा। मघोघरी के पास मलबा आने से एनएच-3 चार घंटे बंद रहा। धर्मपुर में करीब डेढ़ दर्जन संपर्क मार्ग भूस्खलन से बाधित रहे। कुल्लू के नित्थर के गडेज में सतलुज का पानी सड़क तक आ गया, जिससे क्षेत्र की पांच पंचायतों की मुश्किलें बढ़ गई हैं।
लोसर-कुंजुम सड़क पर आई बाढ़, पर्यटक फंसे
धर्मशाला और मैक्लोडगंज में शाम को बारिश हुई। हमीरपुर के नादौन में दुकानों में पानी घुस गया। ऊना जिला में अलग-अलग क्षेत्रों में सुबह बारिश से लोगों को गर्मी से राहत मिली। जनजातीय जिला लाहौल-स्पीति में ग्लेशियर पिघलने से लोसर-कुंजुम सड़क पर मंगलवार को अचानक बाढ़ आ गई। इससे लोसर-कुंजम और दारचा-शिंकुला-जांस्कर सड़कें बंद हो गईं। यहां पर कई पर्यटक वाहन फंसे रहे। जांस्कर-समदो से आगे सड़क का एक हिस्सा भी बह गया है।
सतलुज नदी का जलस्तर बढ़ा, पोवारी के पास बैराज निर्माण कार्य रुका
किन्नौर जिले के पोवारी के पास सतलुज नदी पर बन रहे बांध(बैराज) का काम जलस्तर बढऩे के कारण ठप हो गया है। पटेल कंपनी की ओर से निर्माणाधीन कार्य प्रभावित हुआ है, जिससे आगामी समय में परियोजना पूरी होने में देरी होने की आशंका है। पटेल कंपनी के महाप्रबंधक वीरेंद्र शर्मा ने बताया कि सतलुज के बढ़ते जलस्तर को देखते हुए सोमवार से ही काम रोक दिया गया था। हालांकि, सुरक्षा के मद्देनजर लगातार साइट की निगरानी की जा रही है। उन्होंने बताया कि बांध स्थल पर फिलहाल अंडरग्राउंड काम चल रहा था, लेकिन सतलुज नदी में पानी बढ़ने से इस कार्य में बाधा आ गई है। नदी का जलस्तर बढ़ने से कोई नुकसान नहीं हुआ है। कंपनी जलस्तर सामान्य होने का इंतजार कर रही है, ताकि निर्माण कार्य दोबारा शुरू किया जा सके।
इतने दिन जारी रहेगी बारिश, इन जिलों के लिए अलर्ट
दक्षिण-पश्चिम मानसून ने मंगलवार को पूरे हिमाचल प्रदेश को कवर कर लिया है। माैसम विज्ञान केंद्र शिमला के अनुसार राज्य में 30 जून तक हल्की से मध्यम बारिश जारी रहने का पूर्वानुमान है। 24, 28, 29 और 30 जून को कई स्थानों पर हल्की से मध्यम बारिश होने के आसार हैं। जबकि 25 से 27 जून तक राज्य के अधिकांश स्थानों पर हल्की से मध्यम बारिश होने की संभावना है। 24, 26, 27, 29 और 30 जून को कुछ स्थानों पर भारी होने का येलो अलर्ट है। 25 जून को ऊना, बिलासपुर, हमीरपुर, चंबा, कांगड़ा, मंडी व सिरमाैर जिले के लिए भारी से बहुत भारी बारिश का ऑरेंज अलर्ट जारी किया गया है।
एडवाइजरी जारी, एसपी को आपातकालीन प्रतिक्रिया दल सक्रिय करने के दिए निर्देश
हिमाचल में मानसून सक्रिय होने के बीच बाढ़, भूस्खलन और बादल फटने की आशंका के मद्देनजर प्रदेश पुलिस मुख्यालय ने एडवाइजरी जारी की है। सभी जिलों के पुलिस अधीक्षकों को आपातकालीन प्रतिक्रिया दलों को सतर्क करने के निर्देश दिए हैं। अधिकारियों को संवेदनशील स्थलों का निरीक्षण करने के निर्देश देते हुए हेल्पलाइन नंबर 112, व्हाट्सएप, ईमेल, पुलिस व चौकी के नंबर आमजनों से साझा करने के लिए कहा गया है। लोगों को पहाड़ों, नदी-नालों के पास न जाने और अनावश्यक यात्रा से बचने की सलाह दी है। मौसम विभाग और प्रशासन की ओर से जारी अलर्ट पर संवेदनशील क्षेत्रों की नियमित निगरानी करने को कहा है। बांध से पानी छोड़े जाने की स्थिति में स्थानीय प्रशासन जारी निर्देशों का सख्ती से पालन करें। कुल्लू, बिलासपुर और ऊना में जल क्रीड़ा गतिविधियों को स्थगित करने के निर्देश दिए गए हैं।